UP Live

दीपोत्सव में दिखेगी रामनगरी की 500 वर्षों की कहानी, 25 LED वैन और 20 डिस्प्ले बोर्ड से सजेगी अयोध्या

अयोध्या में दसवें दीपोत्सव-2026 को भव्य और दिव्य बनाने के लिए योगी सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। रामनगरी में 25 स्थानों पर LED वैन, 20 प्रमुख स्थलों पर विशाल LED डिस्प्ले बोर्ड और 13 मार्गों पर आकर्षक होर्डिंग लगाए जाएंगे। रामकथा पार्क में विशेष प्रदर्शनी के जरिए 1500 ईस्वी से वर्तमान तक अयोध्या का इतिहास, श्रीराम मंदिर आंदोलन, मंदिर निर्माण और शहर के विकास की यात्रा दिखाई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।

अयोध्या : भव्य और दिव्य दीपोत्सव-2026 के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने रामनगरी को तकनीक और आधुनिकता के अनुपम संगम से सजाने की पूरी तैयारी कर ली है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दीपोत्सव के हर दिव्य क्षण का सजीव अनुभव कराने के लिए शहरभर में अत्याधुनिक एलईडी वैन, विशाल एलईडी डिस्प्ले बोर्ड और भव्य होर्डिंग्स-स्टैंडी का व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया है। प्रशासन ने इसके लिए सभी महत्वपूर्ण केंद्रों, घाटों, प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों का सूक्ष्मता से चयन कर जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।

शहर के 25 महत्वपूर्ण पड़ावों पर प्रचार-प्रसार करेंगी एलईडी वैन

श्रद्धालुओं को उत्सव से निरंतर जोड़े रखने के लिए 25 स्थानों पर विशेष एलईडी वैन तैनात की जा रही हैं। इनमें सूर्यकुण्ड दर्शननगर, हनुमानगढ़ी रिकाबगंज, झूलेलाल मंदिर चौराहा, गुप्तार घाट एवं मंदिर, पूरा बाजार, रामघाट हाल्ट, गोसाईगंज बाजार, बस स्टेशन (सर्किट हाउस), अयोध्या कैंट व अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, मसौधा चीनी मिल, देवकाली, अंगूरी भवन, टेढ़ी बाजार, साकेत पेट्रोल पम्प, शहादतगंज हनुमान मंदिर तिराहा, दिगंबर अखाड़ा, लता मंगेशकर चौराहा, गुरुकुल पार्किंग और भरतकुण्ड जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। इन वाहनों के संचालन के लिए बाकायदा वाहन संख्या और नोडल प्रभारियों के संपर्क विवरण जारी किए गए हैं, ताकि व्यवस्था निर्बाध बनी रहे।

20 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर लगेंगे विशाल एलईडी डिस्प्ले बोर्ड

दीपोत्सव के मुख्य आकर्षणों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सीधे प्रसारण के लिए शहर के 20 प्रमुख व अति-व्यस्त स्थानों पर एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इनमें रामघाट चौराहा, दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, धर्मपथ बाईपास पेट्रोल पम्प, दिगंबर अखाड़ा/तुलसी स्मारक भवन, अयोध्या पोस्ट ऑफिस, हनुमान मार्केट/सिंह द्वार, हनुमान गुफा, श्रीराम चिकित्सालय, रेलवे स्टेशन अयोध्या धाम, तुलसी उद्यान, हनुमानगढ़ी, अयोध्या कोतवाली, वाल्मीकि भवन, अशर्फी भवन, मीडिया सेंटर, रामकथा संग्रहालय, टेढ़ी बाजार, विद्या कुण्ड, राजघाट और वैक्स म्यूजियम शामिल हैं। इन डिस्प्ले बोर्ड्स के माध्यम से आने वाले श्रद्धालु कहीं से भी दीपोत्सव के मुख्य आयोजनों के साक्षी बन सकेंगे।

13 प्रमुख मार्गों पर होर्डिंग व स्टैंडी से होगा भव्य स्वागत

रामनगरी के प्रवेश द्वारों से लेकर शहर के भीतरी मार्गों तक 13 मुख्य खंडों पर आकर्षक होर्डिंग और स्टैंडी लगाने का खाका तैयार हुआ है। इनमें साकेत पेट्रोल पम्प से रामघाट हाल्ट व नया घाट तिराहा, रामकथा पार्क, शहादतगंज पुलिस चौकी से कलेक्ट्रेट व रिकाबगंज, राम की पैड़ी व भजन संध्या स्थल, आईटीआई कॉलेज से नियावां चौराहा, आबकारी ऑफिस से मकबरा व सुभाष नगर, देवकाली बाईपास से साकेत पेट्रोल पम्प, पुष्पराज चौराहा से फतेहगंज व देवकाली, कलेक्ट्रेट व विकास भवन परिसर, तथा लखनऊ, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर व रायबरेली जाने वाले प्रमुख राज्य मार्गों के दोनों ओर की परिधि शामिल है।

विद्युत व टेलीफोन पोल का नहीं होगा इस्तेमाल

जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन ने बताया कि प्रशासन ने सौंदर्य और सुरक्षा के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी फ्लेक्स व फ्रेम को विद्युत, टेलीफोन या अन्य टावर पोल पर नहीं लगाया जाएहा। सभी को अपने स्वयं के गार्डर/ढांचे तैयार कर ही प्रचार सामग्री स्थापित करनी होगी।

भव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां

जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन ने बताया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों तक आयोजन की जानकारी पहुंचाने के लिए 25 एलईडी वैन और 20 डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण होगा। शहर के 13 प्रमुख मार्गों पर आकर्षक होर्डिंग और स्टैंडी भी लगाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे ऐतिहासिक दस्तावेजों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित दसवें दीपोत्सव-2026 में इस बार रामनगरी के इतिहास, श्रीराम मंदिर आंदोलन और अयोध्या के विकास की यात्रा को विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। संस्कृति विभाग की ओर से रामकथा पार्क में लगाई जाने वाली इस प्रदर्शनी में वर्ष 1500 ईस्वी से लेकर वर्तमान समय तक के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को दर्शाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसका अवलोकन करेंगे। प्रदर्शनी के जरिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक बदलावों की विस्तृत जानकारी मिलेगी।

प्रदर्शनी में श्रीराम मंदिर आंदोलन के प्रमुख पुरोधाओं के योगदान को अभिनय आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत रूप में दिखाया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण पड़ावों, मंदिर निर्माण की प्रक्रिया और वर्तमान भव्य स्वरूप तक की यात्रा को भी प्रदर्शित किया जाएगा। मंदिर परिसर के विकास के साथ अयोध्या में हुए आधारभूत ढांचे के विस्तार, सड़कों, सुविधाओं और शहर के बदलते स्वरूप की कहानी भी इसमें शामिल रहेगी।

इतिहास के महत्वपूर्ण पड़ावों पर रहेगा फोकस

प्रदर्शनी में वर्ष 1500 ईस्वी से लेकर आधुनिक अयोध्या तक की यात्रा को क्रमबद्ध तरीके से प्रस्तुत करने की तैयारी है। इसमें रामनगरी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से जुड़े प्रसंगों के साथ श्रीराम मंदिर आंदोलन के विभिन्न चरणों को भी स्थान दिया जाएगा। आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुरोधाओं के योगदान को अभिनय के माध्यम से दर्शकों के सामने रखा जाएगा, जिससे लोग उस दौर की घटनाओं और उनसे जुड़े व्यक्तित्वों को करीब से समझ सकें।

मंदिर निर्माण से शहर के कायाकल्प तक की झलक

श्रीराम मंदिर के निर्माण और परिसर के विकास को प्रदर्शनी का प्रमुख हिस्सा बनाया जाएगा। इसके साथ ही अयोध्या में पर्यटन, आवागमन, जनसुविधाओं और शहरी आधारभूत ढांचे के विस्तार की तस्वीर भी दिखाई जाएगी। इस तरह प्रदर्शनी में एक ओर रामनगरी की ऐतिहासिक विरासत होगी तो दूसरी ओर वर्तमान समय में हो रहे विकास कार्यों की झलक देखने को मिलेगी। इसका उद्देश्य लोगों को यह बताना है कि अयोध्या ने अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए विकास की नई दिशा में किस तरह कदम बढ़ाए हैं।

नई पीढ़ी को विरासत से जोड़ने की पहल

रामकथा पार्क में आयोजित होने वाली यह प्रदर्शनी दीपोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण आकर्षण होगी। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और युवाओं को इसके माध्यम से अयोध्या के इतिहास तथा मंदिर आंदोलन से जुड़े घटनाक्रमों को जानने का अवसर मिलेगा। अभिनय आधारित प्रस्तुतियां प्रदर्शनी को और अधिक प्रभावी बनाएंगी।

अयोध्या अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के सलाहकार एवं विशेष कार्याधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि दसवें दीपोत्सव में अयोध्या की ऐतिहासिक यात्रा को व्यापक स्वरूप में प्रस्तुत करने की योजना है। संस्कृति विभाग की ओर से रामकथा पार्क में लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में 1500 ईस्वी से लेकर वर्तमान समय तक के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रीराम मंदिर आंदोलन के महान पुरोधाओं के योगदान को अभिनय के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। मंदिर निर्माण से लेकर परिसर के विकास और अयोध्या के बदलते स्वरूप तक की पूरी गाथा को एक ही स्थान पर दिखाने का प्रयास होगा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ देश-दुनिया से आने वाले लोगों को रामनगरी के इतिहास और विकास से परिचित कराना है।

30 लाख दीपों की रोशनी में निखरेगी राम की पैड़ी, 23.68 करोड़ से तैयार हुआ अयोध्या का नया आकर्षण

Diwali 2026: धनतेरस से भाई दूज तक सभी पर्वों की कथा, पूजा विधि और शुभ मुहूर्त

Related Articles

Back to top button