
दीपोत्सव-2026 को भव्य बनाने में जुटी सरकार, CM योगी ने अयोध्या पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुंचे। उन्होंने रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू आरती घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की प्रगति परखी। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को सभी तैयारियां समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन और रामलला की आरती कर उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति की कामना की।
अयोध्या : दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रामनगरी पहुंचे। रामकथा पार्क के समीप बने हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे रामकथा पार्क पहुंचे और दीपोत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की प्रगति परखी। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।
रामकथा पार्क में तैयारियों की परखी प्रगति
मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क में दीपोत्सव के लिए चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल पर व्यवस्था, निर्माण कार्यों और तैयारियों की स्थिति देखी। अधिकारियों से अब तक पूरे हो चुके कार्यों तथा शेष तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी काम पूरे कर लिए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
राम की पैड़ी और सरयू आरती घाट का निरीक्षण
रामकथा पार्क के बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने सरयू आरती घाट का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन से जुड़े इंतजामों को देखा। इसके बाद राम की पैड़ी पर तैयार किए जा रहे मंच का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपोत्सव से संबंधित सभी कार्य तय समय पर पूरे हों। घाटों, मार्गों और आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं को आवागमन, दर्शन तथा अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समन्वय बनाए रखने और तैयारियों की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री दर्शन-पूजन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान एवं अयोध्या जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इनकी रही मौजूदगी
इस दौरान महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान और अभय सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, सभापति सहकारी बैंक धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
दीपोत्सव में श्रद्धालुओं को न हो परेशानी, व्यवस्थाएं समय से पूरी करें अधिकारी: मुख्यमंत्री
दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित पीएफसी सभागार में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली और निर्देश दिया कि दिव्य दीपोत्सव को भव्यता के साथ संपन्न कराने में कोई कमी न रह जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अयोध्या आने वाले किसी भी श्रद्धालु, अतिथि या पर्यटक को असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से दीपोत्सव की तैयारियों की प्रगति पूछी। उन्होंने वीवीआईपी अतिथियों, साधु-संतों और विशिष्ट जनों के आगमन पर उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही देश-विदेश से दर्शन-पूजन और पर्यटन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं तथा अन्य आगंतुकों के लिए सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर अनुभव मिलना चाहिए और किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनने दी जाए।
पेयजल, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने आयोजन के दौरान पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा सहित सभी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों, घाटों और आयोजन स्थलों पर स्वच्छता की निरंतर व्यवस्था रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और आवागमन के प्रबंध प्रभावी बनाए जाएं। संबंधित विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करें और तैयारियों की लगातार निगरानी करें।
घरों व संस्थानों में दीप जलाने की अपील
मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को जनभागीदारी का उत्सव बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर आयोजन में सहभागिता करें। सभी शैक्षणिक, सामाजिक और अन्य संस्थान भी अपने परिसरों में दीप प्रज्ज्वलित करें, जिससे पूरी अयोध्या दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव की भव्यता केवल आयोजन स्थलों तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें पूरे जनपद की भागीदारी दिखाई दे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर तैयारियों की निगरानी करें। जहां भी कोई कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर कराएं और सभी व्यवस्थाएं समयसीमा के भीतर सुनिश्चित करें। बैठक में जनप्रतिनिधियों, मंडलायुक्त सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दीपोत्सव की तैयारियां परखने अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, हनुमानगढ़ी में टेका मत्था, रामलला की आरती उतारकर की परिक्रमा
गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले दीपोत्सव से संबंधित विभिन्न स्थलों पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संकटमोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। फिर श्रीराम मंदिर पहुंचकर श्रीरामलला के चरणों में शीश नवाया। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत दीपोत्सव की तैयारियों के निरीक्षण से की।
इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की प्रार्थना की। यहां से निकलकर मुख्यमंत्री श्रीराम मंदिर पहुंचे। उन्होंने श्रीरामलला के दर्शन किए, आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दीपोत्सव-2026 की वर्तमान तैयारियों और आगामी योजनाओं से अवगत कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित पीएफसी सभागार पहुंचे, जहां अधिकारियों के साथ दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक की।



