दुर्गा पंडालों में सुरक्षा की हो समुचित व्यवस्थाः मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्गा पंडालों और आमजन की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अग्नि सुरक्षा, इमरजेंसी एग्जिट, विद्युत व्यवस्था और मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। लापरवाही पर कड़ी चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने त्योहारों पर सभी संबंधित विभागों को फील्ड में रहने का निर्देश दिया। वहीं, बलरामपुर सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख और घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। बस्ती में हरीश द्विवेदी की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि भी दी।
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में लगाए गए दुर्गा पंडालों और आमजन की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। बस्ती दौरे पर निकलने से पहले मुख्यमंत्री ने शासन व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा में हुई जनहानि पर शोक जताते हुए शासन, प्रशासन, पुलिस व ऊर्जा विभाग आदि के अधिकारियों को समुचित सुरक्षात्मक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पंडालों में सुरक्षा के संबंध में सभी पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी, जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान को निर्देश दिए कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं पंडालों में अग्नि सुरक्षा की अवश्य जांच कराएं। डीएम, कप्तान पंडालों का निरीक्षण कर एंट्री व एग्जिट पॉइंट की जांच भी सुनिश्चित करें। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में इमरजेंसी एग्जिट के लिए पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो। विद्युत व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन व ऊर्जा विभाग के अधिकारी सुरक्षात्मक प्रबंधों का परीक्षण भी कर लें। इसमें किसी भी प्रकार की हीला-हवाली अक्षम्य होगी।
मुख्यमंत्री ने रामनवमी व विजयादशमी त्योहार पर प्रशासन, पुलिस, विद्युत, नगर निगम, नगर निकायों, पेयजल समेत संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को फील्ड में रहने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी दुर्गा पंडालों, मार्गों आदि पर सुरक्षा, स्वच्छता के साथ ही जनसुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें। मूर्ति विसर्जन के दौरान भी यात्रा मार्गों तथा विसर्जन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था, बिजली के तारों, स्वच्छता आदि से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाए। आस्था का सम्मान करें, लेकिन किसी नई परंपरा को प्रोत्साहित न करें। यह भी सुनिश्चित करें कि इस दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सीएम ने बलरामपुर हादसे पर जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में रविवार सुबह सड़क दुर्घटना पर शोक जताया। यहां देहात क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से हुई जनहानि पर सीएम ने दुख प्रकट किया और जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए। इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न हो। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख व घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद का भी ऐलान किया।
हरीश द्विवेदी के गांव पहुंचे मुख्यमंत्री, दिवंगत माता को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बस्ती के सदर तहसील के तेलियाजोत गांव पहुंचे। उन्होंने यहां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी की माता जी के निधन पर शोक जताया। श्री द्विवेदी की मां यशोदा देवी का विगत दिनों निधन हो गया था। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहीं थीं।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 11:15 बजे नगर थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद वह कार से तेलियाजोत गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री ने श्री द्विवेदी के घर पहुंचकर स्मृतिशेष यशोदा देवी के चित्र पर पुष्पांजलि दी। उन्होंने हरीश द्विवेदी व परिवार के सदस्यों से बातचीत की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा, परिवार के लिए यह अत्यंत कठिन समय है। किसी भी संतान के लिए मां का निधन सबसे दुखद क्षण होता है। प्रभु श्रीराम समस्त परिवार को यह दुख सहन करने का संबल प्रदान करें।
इस दौरान भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष विनोद राय, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, हर्रैया विधायक अजय सिंह आदि ने भी दिवंगत यशोदा देवी के चित्र पर पुष्पार्चन कर शोकाकुल परिजनों को सांत्वना प्रदान की।
सुरक्षा, सम्मान, सामर्थ्य और समृद्धि से आलोकित हो रहा है नारीशक्ति का जीवन: मुख्यमंत्री
आंसुओं को कमजोरी समझती थीं अरुंधति, योगी की सीख बनी ताकत; अब शादी में बुलाया



