NationalUP LiveVaranasi

वाराणसी दौरे पर CM योगी: एयर शो की तैयारियों की समीक्षा, काशी विश्वनाथ दर्शन और फैक्ट्री का निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे पर नमो घाट में 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर के संभावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मिर्जामुराद स्थित अरविंद लिमिटेड की ₹150 करोड़ की नई औद्योगिक इकाई का निरीक्षण कर रोजगार संबंधी तैयारियों का भी जायजा लिया।

वाराणसी ; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोजन के दौरान आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में वायुसेना के अधिकारी भी मौजूद थे।

समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री  नमो घाट पहुंचकर प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नमो घाट पर स्थलीय निरीक्षण कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली, निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने परियोजना के मानचित्र के माध्यम से प्रस्तावित व्यवस्थाओं और आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी ,सीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान नमो घाट के साथ गंगा के अन्य प्रमुख घाटों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को एयर शो आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अंतिम दिन, 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों का  शामिल होना प्रस्तावित है।

यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और रूट डायवर्जन की प्रभावी योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था करने के साथ वहां स्पष्ट साइनेज भी लगाए जाएं, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा हो। आयोजन स्थल और घाटों पर समुचित बैरिकेडिंग के साथ पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रखा जाए। घाटों पर पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में आयोजित होने वाले विभिन्न त्योहारों और कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की समुचित योजना बनाई जाए। एयर-शो जैसे बड़े आयोजन में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों में आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों पर पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।

घाटों की सफाई और शहर के सौंदर्यीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई कराने के साथ शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नमो घाट से अस्सी घाट तक घाटों की पेंटिंग कराने को कहा। इसके साथ ही एयरपोर्ट से शहर तक आने वाले प्रमुख मार्गों और अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर लगे विद्युत खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने तथा प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

प्रशासन और पुलिस ने प्रस्तुतीकरण के जरिए बताईं तैयारियां

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुतीकरण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। इसके अलावा 300 मोबाइल टॉयलेट और 400 वाटर टैंकर की व्यवस्था के साथ ही तीन हजार सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

बैठक में जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. सुनील पटेल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह और जगदीश पटेल, जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार, वायुसेना के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ के दरबार में मुख्यमंत्री योगी ने नवाया शीश

शक्ति की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्र में धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में बुधवार को मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाया। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार काशी पहुंचे मुख्यमंत्री ने दोनों मंदिरों में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और लोक कल्याण की कामना की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 7 अक्टूबर को भी काशी पहुंचकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा का विधिवत दर्शन-पूजन कर आरती की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर के गर्भगृह में उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर षोडशोपचार पूजन किया और बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश और देश की लोक कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। बाबा काल भैरव मंदिर में मौजूद बच्चों को प्यार से चॉकलेट दी और उनसे उनकी पढाई के बारे में बात की।

दर्शन-पूजन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुनील पटेल सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

अरविंद लिमिटेड की नई इकाई का मुख्यमंत्री योगी ने किया निरीक्षण, 25 अक्टूबर को पीएम मोदी के हाथों लोकार्पण है प्रस्तावित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी दौरे के दौरान मिर्जामुराद स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने 25 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने इकाई में चल रही व्यवस्थाओं को देखा और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में उतरा। यहां से वह अरविंद लिमिटेड की नई फैक्ट्री पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली।

150 करोड़ रुपये का निवेश, एक हजार से अधिक रोजगार के अवसर

मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहे के पास खोचवां (भड़ेहरा) गांव में हाईवे किनारे सात एकड़ से अधिक भूमि पर अरविंद लिमिटेड की नई इकाई स्थापित की गई है। इस परियोजना की लागत लगभग ₹150 करोड़ है। इकाई के संचालन से एक हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। फिलहाल कंपनी में काम करने वाली करीब 300 महिलाओं को इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इन महिलाओं से संवाद कर प्रशिक्षण और कामकाज से जुड़ी जानकारी ली।

इस नई इकाई में स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी भविष्य में निवेश के दूसरे चरण की भी योजना बना रही है। अरविंद लिमिटेड देश में लोकप्रिय ब्रांडों के लिए कपड़े तैयार करती है। इनमें जॉकी, यूएस पोलो, एरो सहित अन्य ब्रांडों के पैंट, शर्ट, टी-शर्ट और जींस जैसे परिधान शामिल हैं। इस इकाई का भूमिपूजन 25 अप्रैल 2024 को हुआ था। अब 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना से वाराणसी और आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे ।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अरविंद मिल के पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

किसानों को अब खेती-पशुपालन में मिलेगी मदद, कृषक उपहार योजना में बदली उपहारों की सूची

धन के निमित्त धर्म नहीं त्यागूंगा, छिड़ गया युद्ध तो बम-गोले भी दागूंगा: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button