UP Live

बेटियों को सुरक्षा कवच देने सड़क पर उतरी पुलिस, विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने दिखाई हरी झंडी

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू हुआ। रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने पुलिस लाइन में जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाई। भलुअनी के अभयानंद शिक्षण संस्थान में पुलिस ने छात्राओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। महिला हेल्पलाइन 1090, 112, 181, 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। क्विज प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

भटनी, देवरिया। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से देवरिया पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान की शुरुआत की। सोमवार को पुलिस लाइन देवरिया में आयोजित कार्यक्रम में रामपुर कारखाना क्षेत्र के विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं की जागरूकता पैदल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर सहित जनप्रतिनिधि तथा पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, कानूनी अधिकारों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

गांव से शहर तक चलेगा जागरूकता अभियान

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और किसी भी विषम परिस्थिति में सहायता लेने के लिए प्रेरित करना है।

मुसीबत में इन हेल्पलाइन नंबरों से मिलेगी मदद

अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी जाएगी। इन नंबरों के माध्यम से जरूरत पड़ने पर संबंधित सेवाओं से सहायता लेने के लिए जागरूक किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों को महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से सुनने, पीड़िताओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने तथा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

महिला सुरक्षा में समाज की भागीदारी जरूरी

देवरिया पुलिस ने आमजन से अपील की कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। बेटियों के सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सभी लोग आगे आएं तथा जागरूकता अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत छात्राओं को किया जागरूक, बताए सुरक्षा के उपाय

भलुअनी, देवरिया। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत सोमवार को थाना भलुअनी पुलिस ने नगर क्षेत्र स्थित अभयानंद शिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्राओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में टीम प्रभारी एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक आशीष तिवारी ने छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी विषम परिस्थिति में साहस के साथ उचित कदम उठाने की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की सहायता के लिए जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया।

पुलिस टीम ने छात्राओं को पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की उपयोगिता समझाई। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से अपील की कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार की असुरक्षित परिस्थिति का सामना करने पर वे चुप न रहें और तत्काल पुलिस की सहायता लें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं की पहचान गोपनीय रखने का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सामान्य ज्ञान (जीके) प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा छात्राओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।

इस अवसर पर कांस्टेबल अनिल सिंह, कांस्टेबल अनुभव सिंह, महिला कांस्टेबल पूनम सिंह, रीना यादव, विभा मिश्रा, विजय लक्ष्मी और पुष्पा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

सरकारी ITI में दाखिले का सुनहरा अवसर, 13 से 15 अक्टूबर तक पूरी करनी होगी यह प्रक्रिया

सपा सरकार में बिजली नहीं, बिल आता था, अब अन्नदाता किसान का बिल नहीं आता, बिजली आती है: मुख्यमंत्री

Related Articles

Back to top button