NationalUP Live

माफिया के खौफ से विकास की राह तक: काशी में योगी ने बताया 10 साल में कैसे बदला उत्तर प्रदेश

वाराणसी में वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा का भव्य समापन हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है और माफिया मिट्टी में मिल गए हैं। उन्होंने पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। 500 बाइक से निकली यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों तक पहुंची और 35,263 किलोमीटर का सफर तय किया। कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत कई नेता मौजूद रहे।

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा कि एक दशक पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि माफिया जिस जमीन पर खड़ा हो जाता था, वह जमीन उसकी मानी जाती थी और जिस जमीन पर किसी सपाई की नजर पड़ जाती थी, वह भी उसके कब्जे में चली जाती थी। बेटियां सूर्यास्त के बाद घर से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस करती थीं, व्यापारी भय के साये में रहते थे और पर्व-त्योहारों से पहले उत्सव की जगह उपद्रव की आशंका रहती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में अब परिस्थितियां बदली हैं और माफिया मिट्टी में मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर, मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर, भव्य-दिव्य कुंभ तथा मथुरा-वृंदावन की बढ़ी चहल-पहल नए उत्तर प्रदेश और नए भारत की पहचान बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में गुजरात के वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर निकाली गई थी। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

7 अक्टूबर 2001 को गुजरात की धरती पर शुरू हुआ नेतृत्व का नया अध्याय

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात की धरती पर एक करिश्माई नेतृत्व का आगमन हुआ था। उस समय गुजरात भुज के भीषण भूकंप से त्रस्त था और कई महीनों तक भूकंप के झटकों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उस कठिन दौर में उन्होंने स्वयं गुजरात जाकर वहां की परिस्थितियों को देखा था।

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे गुजरात ने तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा खड़े होने का प्रयास किया और आगे चलकर मॉडल स्टेट के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि सरकार के मुखिया के रूप में गुजरात से शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की यात्रा का अनुभव अब देश के स्तर पर दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात को मॉडल स्टेट के रूप में विकसित करने के बाद अब भारत को विकसित, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत वैश्विक मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभरा है।

सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री को बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के सफल 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के अहर्निश सार्वजनिक जीवन को देशभर में सेवा और संकल्प के उत्सव के रूप में देखा जा रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर से उनकी कर्मभूमि काशी पहुंचे सेवा यात्रियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वडनगर से काशी तक की यह यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा संकल्पों का अभिनंदन करने का अवसर भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना का भी अनुभव कराती है। गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच आस्था, संस्कृति और सेवा के माध्यम से जुड़ाव को यात्रा ने एक नया आयाम दिया।

काशी का जल गुजरात और गुजरात की पवित्र नदियों का जल काशी पहुंचा

सेवा संकल्प यात्रा के दौरान काशी विश्वनाथ धाम से मां गंगा का जल लेकर बाइक सवार हाटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जबकि गुजरात की पवित्र नदियों का जल काशी विश्वनाथ धाम में समर्पित किया गया। यात्रा में शामिल युवाओं ने गर्मी, बारिश और विभिन्न भौगोलिक एवं मौसम संबंधी परिस्थितियों का सामना करते हुए अपनी यात्रा पूरी की।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वडनगर से काशी तक की यह यात्रा आस्था, सेवा और राष्ट्रीय एकता के भाव को मजबूत करती है। यात्रा के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ा गया।

500 बाइक, 10 राज्यों के 193 जिले और 35,263 किलोमीटर का सफर

सेवा संकल्प यात्रा में 500 बाइक पर एक हजार से अधिक युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा ने 20 अलग-अलग रूट के माध्यम से करीब 35,263 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंची।

यात्रा के दौरान सेवा और जनसंपर्क से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कुल 25 प्रकार की गतिविधियों के तहत 1,518 सेवा कार्यक्रम, 13,239 पौधरोपण, 516 स्वच्छता अभियान, 147 लाभार्थी संवाद, 143 युवा संवाद और 122 ग्राम सभाएं आयोजित की गईं।

यात्रा के दौरान युवाओं ने स्वच्छता, पौधरोपण और नशामुक्ति जैसे अभियानों में भी भागीदारी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यात्रा के क्रम में युवाओं से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत’ के लिए हर गांव और जिले को आगे आना होगा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन विकसित और आत्मनिर्भर भारत का है। यह लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश का प्रत्येक राज्य, जिला, कस्बा और गांव आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में प्रयास करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं की ऊर्जा और भागीदारी महत्वपूर्ण है। युवाओं को सेवा, राष्ट्रनिर्माण और सामाजिक परिवर्तन के अभियानों से जुड़कर 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देना होगा।

पूर्व की कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की कानून-व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लगभग दस वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में ऐसी स्थिति थी कि जिस जमीन पर माफिया खड़ा हो जाता था, वह जमीन उसकी हो जाती थी। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर किसी ‘सपाई’ की नजर पड़ जाती थी, उसे भी लोग उसकी जमीन मानकर चलने लगे थे।

उन्होंने कहा कि उस दौर में बेटियों का सूर्यास्त के बाद बाहर निकलना मुश्किल था, व्यापारी भय के माहौल में रहते थे और पर्व-त्योहारों से पहले उत्सव की तैयारी के बजाय उपद्रव की आशंका रहती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश उस समय पहचान के संकट से गुजर रहा था।

उन्होंने इसके विपरीत वर्तमान स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है और प्रदेश की पहचान अब अपनी विरासत, धार्मिक पर्यटन, विकास परियोजनाओं तथा बेहतर कानून-व्यवस्था से भी जुड़ रही है।

काशी, अयोध्या और विंध्य क्षेत्र को बताया नई पहचान का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम का विकास, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर, मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर, कुंभ का आयोजन और मथुरा-वृंदावन की बढ़ी गतिविधियां उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर को दर्शाती हैं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा विकास के साथ प्रदेश में आधुनिक विकास की दिशा में भी कार्य हो रहा है। उनके अनुसार, ये परिवर्तन नए उत्तर प्रदेश और नए भारत की पहचान के रूप में सामने आ रहे हैं।

नितिन नबीन के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में चल रहे सेवा संकल्प अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और अभियान नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष के संदेश को लेकर आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहें और सामाजिक सेवा तथा राष्ट्रनिर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करें।

मोर की रंगोली में दिखाई गई विकास योजनाओं की झलक

समापन समारोह स्थल पर सेवा संकल्प अभियान की थीम पर आधारित आकर्षक और विशाल मोर के आकार की रंगोली तैयार की गई थी। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत और सामाजिक कल्याण से जुड़े संदेशों को उकेरा गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर छात्राओं और महिलाओं के साथ फोटो खिंचवाई। उन्होंने छात्राओं को टॉफी भी दी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से हुई। इसके बाद सेवा संकल्प यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें यात्रा की प्रमुख गतिविधियों और युवाओं की भागीदारी को दिखाया गया।

युवाओं की भागीदारी को बताया 2047 के भारत की ताकत

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि देश की युवा शक्ति भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वडनगर से काशी तक की यात्रा में शामिल युवाओं ने जिस प्रकार लंबी दूरी तय कर सेवा गतिविधियों में भागीदारी की, वह युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी और सहभागिता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के सेवा कार्यों के अभिनंदन के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करने का भी माध्यम बनी है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

समापन समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, वडोदरा के सांसद एवं भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, विधायक नीलकंठ तिवारी, सुरेंद्र पटेल, सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

मैदागिन से काशी विश्वनाथ धाम तक निकली भव्य कलश यात्रा

काशी में फिर जीवंत हुई शिंजो आबे की यादें, अकी आबे की आंखों से छलके आंसू; योगी बोले- यही है सच्ची दोस्ती की मिसाल

Related Articles

Back to top button