BusinessUP Live

UP International Trade Show 2026: काशी, बांदा और प्रयागराज के उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मंच

UP International Trade Show 2026 में उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, खानपान और आधुनिक उत्पादों को वैश्विक मंच मिलेगा। वाराणसी से 45 उद्यमी बनारसी सिल्क, गुलाबी मीनाकारी, लकड़ी के खिलौने, प्राकृतिक वेलनेस उत्पाद और पारंपरिक व्यंजन लेकर पहुंचेंगे। बांदा का शजर स्टोन, बालूशाही और सोहन हलुआ तथा प्रयागराज के मूंज उत्पाद, पैक्ड समोसे, परिधान और इत्र भी प्रदर्शित होंगे। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित यह ट्रेड शो स्थानीय उद्यमियों को नए बाजार और खरीदारों से जोड़ने का अवसर देगा।

वाराणसी : काशी अपनी प्राचीन विरासत, समृद्ध धरोहर, पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए जा रहे उत्पादों को ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदर्शित करने के लिए तैयार है। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में काशी के खानपान से लेकर पहनावे तक, घर की सजावट और पारंपरिक परिधान से लेकर दैनिक उपयोग के उत्पादों तक की विविधता देखने को मिलेगी। बनारसी सिल्क साड़ी, लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी, सॉफ्ट स्टोन जाली वर्क, हैंडमेड बनारसी सिल्क के विभिन्न उत्पाद और अन्य पारंपरिक उत्पादों के साथ आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप तैयार किए गए उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन के जरिए स्थानीय उद्यमियों और हस्तशिल्पियों को वैश्विक बाज़ार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

45 उद्यमियों ने कराया पंजीकरण

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि वाराणसी से 45 उद्यमियों ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, सूक्ष्म, एमएसएमई, जीआई उत्पाद, नए और पुराने निर्यातक,एक जिला एक व्यंजन तथा मुख्यमंत्री युवा योजना से जुड़ी महिला उद्यमी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी, बनारसी सिल्क साड़ी समेत काशी के विभिन्न पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा ओडीओसी के उत्पादों में लौंगलता ,तिरंगी बर्फ़ी और बनारसी पान भी खाने को मिलेगा। यूपीआईटीएस का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के साथ उद्यमियों को नए व्यापारिक संपर्क उपलब्ध कराना है।

काशी की विरासत से आधुनिक उत्पाद तक दिखेगी विविधता

एमएसएमई और युवा उद्यमियों के उत्पाद काशी में बदलते कारोबारी परिवेश और नए बाजारों की ओर बढ़ते कदम को प्रदर्शित करेंगे। प्राकृतिक वेलनेस उत्पाद , कंटेनर्स बैग, मल्टीफिलामेंट यार्न और अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए जायेंगे, जिनका उपयोग विभिन्न वस्तुओं के परिवहन के लिए किया जाता है। विदेश में इस बैग की अच्छी मांग है। यूपीआईटीएस से खरीदारों को काशी की पारंपरिक कला, शिल्प और उद्यमिता की विविधता एक ही मंच पर देखने को मिलेगी।

उद्यमियों ने कहा- बनारस के उत्पादों को वैश्विक मंच मिलना महत्वपूर्ण

ट्रेड शो में शामिल होने वाले उद्यमियों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। जीआई और ओडीओपी गुलाबी मीनाकारी के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता हस्तशिल्पी कुञ्ज बिहारी तथा वाराणसी ‘वुडेन लेकर वेयर’ लकड़ी के खिलौने उद्योग से जुड़ी उद्यमी अमृता सिंह ने बताया कि ऐसे आयोजनों से पारंपरिक शिल्प से जुड़े लोगों को बड़ा बाजार मिल जाता है। सीएम युवा योजना से लाभान्वित, महिला स्वास्थ्य से जुड़ी प्राकृतिक वेलनेस उत्पाद बनाने वाली कंपनी ‘श्री विधि ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स’ की निदेशक अदिति सिंह ने बताया कि इस तरह के आयोजन उद्यमियों को अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का अवसर देते हैं।

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश के एमएसएमई तथा हैंडीक्राफ्ट को स्थानीय बाजार से राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार तक पहुंचाने, नए खरीदारों से जोड़ने तथा तकनीकी एवं औद्योगिक विस्तार का महत्वपूर्ण मंच बन गया है। नए ऑर्डर, निवेश और औद्योगिक विस्तार से रोजगार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है।

राजेश भाटिया -अध्यक्ष, द स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, वाराणसी

वाराणसी के पंजीकृत उद्यमी

-ओडीओपी – 15
-एमएसएमई – 7
-नये निर्यातक -7
-पुराने निर्यातक -1
-जीआई उत्पाद -10
-ओडीओसी – 4
-सीएम युवा – 1

बांदा के शजर पत्थर और पारंपरिक स्वाद की भी रहेगी ट्रेड शो में धमक

सीएम योगी के विजन और प्रयासों से बुंदेलखंड की गौरवशाली संस्कृति और हुनर को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच मिलने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में बांदा जनपद के हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों की धूम रहेगी। जनपद के स्थानीय कारीगर और उद्यमी इस वैश्विक बाजार में अपनी चमक बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

ओडीओपी के जरिए बांदा के हस्तशिल्प को मिली संजीवनी

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ और एमएसएमई के चलते बांदा के हस्तशिल्प को नई संजीवनी मिली है। उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि नोएडा में आयोजित हो रहे इस मेगा इवेंट में बांदा जनपद से कुल चार श्रेणियों में उद्यमी शामिल हो रहे हैं। ट्रेड शो में बांदा का गौरव कहे जाने वाले और ओडीओपी में शामिल शजर स्टोन के दो विशेष स्टाल लगाए जाएंगे। इसके लिए ओडीओपी श्रेणी से द्वारिका प्रसाद सोनी और अर्जुन गुप्ता का चयन किया गया है जो शजर पत्थर से तराशे गए खूबसूरत और अनूठे हस्तशिल्प का प्रदर्शन करेंगे। केन नदी के तट पर पाए जाने वाले इस दुर्लभ पत्थर की कलाकृतियां विदेशी खरीदारों के आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगी।

पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बिखेरेगा स्वाद का जादू

हस्तशिल्प के साथ-साथ इस बार बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर जादू बिखेरेगा। वहीं ओडीओसी के तहत दीपक सोनी इस शो में बांदा की प्रसिद्ध बालूशाही और सोहन हलुआ का स्टाल लगाएंगे। वहीं एमएसएमई श्रेणी से कमल आहूजा अपनी बेकरी उत्पादों के स्टाल के जरिए बांदा के आधुनिक स्वाद का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत चयनित युवा उद्यमी रवी नगाइच और शिवम कुशवाहा भी इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल होकर जिले का मान बढ़ाएंगे।

स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों का कहना है कि पूर्ववर्ती सरकारों में बांदा के इस हुनर को स्थानीय स्तर पर भी पहचान नहीं मिल पा रही थी लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों ने उन्हें सीधे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने ला खड़ा किया है। इस ट्रेड शो के माध्यम से न केवल बांदा के शजर उद्योग को नए एक्सपोर्ट ऑर्डर मिलने की उम्मीद है बल्कि बुंदेलखंड के लजीज व्यंजनों और युवा उद्यमियों को भी एक बड़ा बाजार मिलेगा।

बालीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर के गीतों से लेकर पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र के सितार वादन का भी लुत्फ उठाएंगे श्रोता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच देने के लिए इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 व्यापार व कला-संस्कृति का संगम बनने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले इस मेगा आयोजन की हर शाम रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर होगी। इसमें लोक परंपराओं से लेकर सुगम संगीत तक का संगम दिखेगा। शो में देश और प्रदेश के दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पांच दिवसीय सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ शंख वादन व स्वस्ति वाचन से होगा। यहां वॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर, लोकगीत गायिका मालविका हरिओम, पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र का सितार वादन, भजन गायक ओमप्रकाश दुबे, दिग्गज कोरियोग्राफर- श्रीराम सांखला कलर्स ऑफ इंडिया के रंग बिखेरेंगे। बंदा बैरागी बैंड, सर्वत्र बैंड की प्रस्तुतियां भी आयोजन को यादगार बनाएंगी।

सांस्कृतिक महाकुंभ का भी मिलेगा संदेश

योगी सरकार ने इंटरनेशनल ट्रेड शो को सिर्फ व्यापारिक आदान-प्रदान का मंच ही नहीं, बल्कि समृद्ध लोककलाओं और सांस्कृतिक धरोहर को प्रस्तुत करने का भी अवसर बनाया है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। पांच दिनों का यह कार्यक्रम राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत दस्तावेज होगा। योगी सरकार ने इंटरनेशनल ट्रेड शो को ऐसा मंच बनाने का प्रयास किया है, जहां उद्यमिता और निवेश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध कला और संस्कृति का भी प्रचार-प्रसार हो। यहां लोकधरोहरों की झलक दुनिया के सामने प्रस्तुत होगी, जिससे न सिर्फ स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान भी मजबूत होगी।

प्रथम सांझ- (शंख वादन व स्वस्ति वाचन से होगा शुभारंभ)
शंख वादन व स्वस्ति वाचनः रश्मि आर्या, बागपत
लोकगीत गायनः मालविका हरिओम, लखनऊ
मथुरा के लोकनृत्यः सीमा मोरवाल, मथुरा
कथक नृत्य नाटिकाः आकांक्षा श्रीवास्तव, लखनऊ
भजन क्लबिंगः आकांक्षा त्रिपाठी, कानपुर/मुंबई

द्वितीय सांझ- (बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर के नाम पर रहेगी स्टार नाइट)
वाद्य वृंदः पं. चेतन जोशी, नोएडा
लोकगीत गायनः वंदना मिश्रा, लखनऊ
कथक नृत्य नाटिकाः मर्यादा कुलश्रेष्ठ, नोएडा
ढेढिया नृत्यः पूर्णिमा कुमार, प्रयागराज
स्टार नाइटः मोनाली ठाकुर

तृतीय सांझ- (राई व कथक लोकनृत्य का आकर्षण )
पखावज ट्रायोः पं. रविशंकर उपाध्याय व पं. ऋषिशंकर उपाध्याय
आल्हा गायनः शीलू सिंह राजपूत, रायबरेली
राई लोकनृत्यः वंदना कुशवाहा, झांसी
कथक नृत्यः प्रियंवदा सिंह, नोएडा
नृत्य नाटिकाः रंजना नेब, सहारनपुर
म्यूजिकल बैंडः सर्वत्र बैंड, नोएडा

चतुर्थ सांझ- (पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र के सितार वादन का आनंद लेंगे श्रोता)
सितार वादनः पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र, वाराणसी
सुगम संगीतः सबीना सैफी, लखनऊ
कथक नृत्यः निशा केसरी, नोएडा
थारू जनजाति नृत्यः रजनीश राणा, पीलीभीत
सूफी बैंडः बंदा बैरागी बैंड (राधेश्याम, लखनऊ/मुंबई)

पंचम सांझः (आईटीएस में दिखेंगे भारत के विभिन्न रंग)
भजन गायनः ओमप्रकाश दुबे, मुंबई
लोकगीत गायनः राकेश उपाध्याय, गोरखपुर
कथक नृत्य नाटिकाः मिताली सैनी, गाजियाबाद
कलर्स ऑफ इंडियाः श्रीराम सांखला, कोरियाग्राफर

ट्रेड शो में प्रवाहित होगी संगम नगरी के हस्तशिल्प, खानपान और परिधानों की त्रिवेणी

ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’ (यूपीआईटीएस) 2026 में संगम नगरी प्रयागराज के उद्यमी अपनी व्यापारिक क्षमता और हुनर की धमक दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। प्रदेश सरकार की इस पहल से प्रयागराज के स्थानीय उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और नवाचारियों को एक बड़ा ग्लोबल मंच उपलब्ध हो रहा है। इस वृहद आयोजन में प्रयागराज जनपद की भागीदारी हर साल बढ़ रही है। इस वर्ष जिले के 10 उद्यमी यूपीआईटीएस में हिस्सा लेंगे, जिनके लिए आवंटित स्टाल में जिले के उत्पादों का डंका बजेगा।

हस्तशिल्प, खानपान और परिधानों की त्रिवेणी

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में प्रयागराज के विभिन्न वर्गों के उद्यमियों को अवसर दिया गया है। उपायुक्त उद्योग शरद टंडन बताते हैं कि प्रयागराज से विभिन्न श्रेणियों मे इस बार दस प्रतिभागियों को अवसर दिया गया है। मेले में ओडीओपी ( एक जनपद एक उत्पाद) श्रेणी के तहत 3 इकाइयों के स्टाल लगेंगे। इसके अलावा एमएसएमई मे 5 इकाइयां और ‘नवोदित निर्यातक’ श्रेणी में एक और ओडीओसी के लिए एक इकाई का चयन किया गया है, जिन्हें कुल 12 स्टाल दिए गए हैं। चयनित इकाइयों मे संगम नगरी के परंपरागत हस्तशिल्प, यहां के खानपान और परिधानों का मेल देखने को मिलेगा ।

पहचान बनाएंगे परंपरागत हस्तशिल्प मूंज के उत्पाद*

एक जनपद एक उत्पाद की श्रेणी में चयनित मूंज के उत्पादों को ट्रेड शो मे खास पहचान मिलेगी। इस श्रेणी के अंतर्गत प्रयागराज में मूंज के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के उत्पाद बनाने वाली इकाई ‘द परफेक्ट बाजार’ का चयन किया गया है । ‘द परफ़ैक्ट बाजार’ के पार्टनर पवन कुमार मिश्रा बताते हैं कि उन्हें ट्रेड शो के हॉल नंबर 10 मे स्टाल मिला है। उनकी इकाई अलग -अलग श्रेणियों में एक दर्जन से अधिक तरह के उत्पाद के स्टाल यहाँ लगाएगी। उनके सभी उत्पाद ईकोफ़्रेंडली हैं और सभी ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर पहले से उपलब्ध हैं ।

खानपान में पैक्ड समोसे के जायके का बिखरेगा स्वाद

उत्तर प्रदेश के समृद्ध व्यंजनों की विरासत की ग्लोबल ब्रांडिंग के लिए योगी सरकार द्वारा शुरू की गई ‘एक जनपद एक व्यंजन योजना’ में चयनित उत्पाद भी यूपी आईटीएस 2026 में अपने जायके का स्वाद बिखेरेंगे। उपायुक्त उद्योग शरद टंडन का कहना है कि पहली बार यूपी आईटीएस मे ओडीओसी श्रेणी को शामिल किया गया है, जिसे वहां निःशुल्क स्टाल दिया जा रहा है। इस श्रेणी के लिए 11 आवेदन आए थे, जिसमें परम्परागत जायके में अपनी खास पहचान रखने वाले प्रयागराज के पैक्ड समोसे को जगह मिली है।

ओडीओसी श्रेणी में चयनित प्रयागराज के बलुआ घाट स्थित मुंडा स्नैक्स के पैक्ड समोसे का जायका इंटरनेशनल ट्रेड शो में जा रहा है। मुंडा स्नैक्स के प्रतिनिधि अमित यादव का कहना है कि वैसे तो देशी घी, पनीर और ड्राई फ्रूट्स से बने उनके समोसे अपने लज़ीज जायके के लिए मशहूर हैं, लेकिन ट्रेड शो में मूल जायके को बनाए रखने के उनका ड्राई मसाला समोसा जा रहा है। इसके 5 हजार से अधिक ड्राई पीस ट्रेड शो के लिए ले जा रहे हैं | इसकी पैकिंग पर भी खास ध्यान दिया गया है, क्योंकि इसे घर पर 15 दिन रखा जा सकता है । इसके अलावा खानपान की श्रेणी में ही केशरी गृह उद्योग , इकावा एग्रो और श्याम डेयरी उत्पादों को भी जगह मिली है।

विशिष्ट परिधानों और फ्रैगनेंस का मेल

इस बार ट्रेड शो के लिए चयनित उद्यमियों में हुनर की विविधता भी देखने को मिलेगी। इस बार परिधान और इत्र की इकाइयों का चयन किया गया है। परिधान की श्रेणी में तीन उद्यमी हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें पुष्पांजलि की मिली मेहरोत्रा, अकील एम्ब्रायडरी के अकील अहमद और पवन मिश्रा ग्रामोद्योग के पवन मिश्रा शामिल है। इस श्रेणी के उद्यमी खादी, कॉटन, एम्ब्रॉयडरी और हैंड प्रिंटिंग में अपने हुनर का जादू बिखेरेंगे। पहली बार whiffhaus fragrance इकाई को इसमें जगह मिली है। एमएसएमई श्रेणी के अंतर्गत चयनित इस इकाई के प्रतिनिधि अनवर आजम कहते हैं कि परंपरा और आधुनिकता से जुड़ी 60 तरह की खुशबू के इत्र ट्रेड शो मे अपनी महक बिखेरेंगे ।

PDA रथ यात्रा शुरू होने से पहले अखिलेश पर BJP नेताओं के ताबड़तोड़ हमले, जानिए किसने क्या कहा

जीरो कमीशन पर चलेगी भारत टैक्सी, चालक को पांच लाख की सामाजिक सुरक्षा: मुख्यमंत्री

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button