Politics

PDA रथ यात्रा शुरू होने से पहले अखिलेश पर BJP नेताओं के ताबड़तोड़ हमले, जानिए किसने क्या कहा

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। अखिलेश यादव 24 सितंबर से रायबरेली में PDA रथ यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। इस बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने PDA रथ को लेकर तंज कसते हुए कहा कि रथ पंक्चर हो चुका है। ब्रजेश पाठक ने अयोध्या-काशी, मथुरा और चुनाव आयोग के मुद्दे पर अखिलेश को घेरा। मनोज पांडेय, कपिल देव अग्रवाल और दानिश आजाद ने भी सपा पर निशाना साधा।

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर से रायबरेली में PDA रथ यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं। यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख पर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव की प्रस्तावित यात्रा को लेकर कहा कि उनका PDA रथ पूरी तरह पंक्चर हो चुका है और उसकी हवा निकल चुकी है।केशव मौर्य ने विपक्षी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि इस बार सपा-कांग्रेस आपस में ही लड़कर समाप्त हो जाएंगे। एक बार फिर साइकिल पंक्चर होने वाली है। कांग्रेस का यूपी में कोई भविष्य नहीं है।

अयोध्या के अतिक्रमण हटाओ अभियान पर अखिलेश को जवाब
अयोध्या में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव की ओर से उठाए गए सवालों पर भी केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद जनता की नजर में सवाल थे, इसीलिए उन्हें जनता ने 2017 में हटा दिया। वहीं अखिलेश यादव की ओर से चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए जाने को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज अखिलेश यादव सवाल उठा रहे हैं लेकिन उसी चुनाव आयोग की बदौलत वो सांसद हैं, यूपी के मुख्यमंत्री भी रहे हैं।

बता दें कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 23 सितंबर को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने 2027 के चुनाव को आखिरी चुनाव बताया। जिसपर भाजपा ने उनपर पलटवार किया है। केशव प्रसाद मौर्य के अलावा योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि लोकतंत्र में कोई आखिरी या नया चुनाव नहीं होता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान करना चाहिए और जो लोग जनादेश हासिल नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें जनादेश का अपमान करने का अधिकार नहीं है।

‘जो कृष्ण का नहीं हुआ वो किसी का नहीं हो सकता’- डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का अखिलेश पर जोरदार निशाना

अयोध्या में अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण को लेकर हो रही बुलडोजर कार्रवाई का सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विरोध किया है। जिसको लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने तीखा पलटवार किया है। ब्रजेश पाठक ने सपा पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए अयोध्या और काशी के विकास को रोकने का दावा किया। पाठक ने अखिलेश यादव से मथुरा को लेकर उनका रुख स्पष्ट करने को भी कहा।

‘जो राम का नहीं हुआ वो कृष्ण का नहीं हो सकता’
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जब यूपी में सपा सरकार थी, तुष्टीकरण की हद हो गई थी और अयोध्या-काशी के विकास को रोक दिया गया था। उन्होंने कहा, “अखिलेश जी से पूछना चाहिए कि उनका मथुरा पर क्या स्टैंड है? मैंने पहले भी कहा था कि जो राम का नहीं हुआ वो कृष्ण का नहीं हो सकता। जो कृष्ण का नहीं हो सकता वो किसी का नहीं हो सकता।”

अयोध्या-काशी के विकास पर अखिलेश को घेरा
अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या और काशी के विकास पर सवाल उठाए जाने को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव हमेशा अयोध्या, काशी के विकास पर सवाल उठाते हैं लेकिन एक बार वो अपने गिरेबां में झांके और बताएं जब सपा सत्ता में थी तो अयोध्या और काशी के विकास में कितना खर्च किया था।

उन्होंने योगी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “आज यूपी में हमारी सरकार अयोध्या को वर्ल्ड क्लास सिटी के तौर पर विकसित कर रही है। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग का चोड़ीकरण किया जा रहा है। लेकिन सपा सरकार ने 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर प्रतिबंध लगाने तक का काम किया था।”

‘सपा को सनातन संस्कृति से कोई लेना देना नहीं’
ब्रजेश पाठक ने सपा पर धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव को सनातन संस्कृति से कोई लेना देना नहीं है। ये सिर्फ मुस्लिम तुष्टिकरण करना जानते हैं और ये अयोध्या के विकास को रोकने का रास्ता खोजते रहे हैं।”

‘सपा गुंडों और अपराधियों की पक्षधर पार्टी’
ब्रजेश पाठक ने सपा पर अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सपा गुंडों और अपराधियों की पक्षधर पार्टी है। आज यूपी की सभी जेलों में खुशी मनाई जा रही है। अपराधी, गुंडे और माफिया उम्मीद लगाए बैठे हैं कि अखिलेश यादव सत्ता में आएंगे तो गुंडे बाहर आ जाएंगे।” उन्होंने कहा कि सपा जब-जब सत्ता में आई है, गुंडे माफिया सड़कों पर आए हैं।

वहीं अखिलेश यादव के चुनाव आयोग पर आरोप लगाने को लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, “अखिलेश यादव हमेशा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करते हैं। ये जब चुनाव जीतते हैं तो चुनाव आयोग अच्छा हो जाता है लेकिन जब हार मिलती है तो तरह-तरह के आरोप लगाते हैं।” उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से निष्पक्ष राजनीति की पक्षधर रही है।

‘लोकतंत्र में कोई आखिरी चुनाव नहीं होता’, अखिलेश के बयान पर मनोज पांडेय का पलटवार

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के 2027 के चुनाव को लेकर दिए बयान और सरकार व संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बाद भाजपा नेताओं ने सपा पर तीखा हमला बोला। कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने अखिलेश यादव के 2027 के चुनाव को आखिरी चुनाव बताए जाने पर कहा कि लोकतंत्र में कोई आखिरी या नया चुनाव नहीं होता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान करना चाहिए और जो लोग जनादेश हासिल नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें जनादेश का अपमान करने का अधिकार नहीं है।

अखिलेश पर जमकर बरसे मनोज पांडेय

मनोज पांडेय ने सपा शासनकाल के दौरान नौकरियों, छात्रों पर कार्रवाई, दंगों और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सब देख चुकी है। उन्होंने कहा कि आज किसान, गरीब, नौजवान, पिछड़ा और अगड़ा वर्ग ऐसा प्रदेश चाहता है, जहां शांति और सुरक्षा के साथ खेती, कारोबार और जीवनयापन किया जा सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बदले की राजनीति का कोई स्थान नहीं है।

अखिलेश को संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहींः कपिल देव अग्रवाल

योगी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अखिलेश के चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर कहा कि सपा का संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव दर चुनाव हार के बाद सपा निर्वाचन आयोग, पुलिस व्यवस्था और संविधान पर सवाल उठाती है।PDA के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों का चयन जाति के आधार पर नहीं, बल्कि योग्यता और क्षमता के आधार पर होता है। उन्होंने राम मंदिर और कारसेवकों का जिक्र करते हुए सपा पर निशाना साधा।

दानिश आजाद बोले- ‘सपा एसी में बैठकर भ्रम फैलाती है’

मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सपा नेताओं को एसी में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने, भ्रम फैलाने और गलत आंकड़े जनता के सामने रखने की आदत हो गई है। यही उनका एजेंडा बन गया है। उन्होंने सपा से 2012 से 2017 तक के दंगों, अपराध, महिलाओं के खिलाफ अपराध और सरकारी नौकरियों से जुड़े आंकड़े जारी करने को कहा।

PDA के आरोपों पर दानिश ने कहा कि सपा नेता एसी कमरों से बाहर निकलेंगे तो उन्हें धरातल की हकीकत पता चलेगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य सुविधाओं और स्कॉलरशिप का जिक्र करते हुए कहा कि पिछड़े, दलित और पसमांदा समाज को इनका लाभ मिल रहा है। SIR पर सपा के सवालों को लेकर दानिश ने कहा कि सिर्फ सवाल खड़े करना और भ्रम फैलाना सपा का ‘मूल कैरेक्टर’ बन गया है।

किसानों के लिए बड़ी राहत :18% वाला कृषि कर्ज अब सिर्फ 6% ब्याज पर, 5 लाख छोटे किसानों को मिलेगा लाभ

जीरो कमीशन पर चलेगी भारत टैक्सी, चालक को पांच लाख की सामाजिक सुरक्षा: मुख्यमंत्री

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button