विश्व आदिवासी दिवस: बरेका में दिखा संस्कृति और एकता का रंग
वाराणसी में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बरेका के सेंट जॉन स्कूल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक परिधानों में महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान भगवान गौतम बुद्ध, जननायक बिरसा मुंडा और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। पश्चिमी संस्थान, जलालीपट्टी में सांस्कृतिक समारोह आयोजित हुआ, जहां लोकगीत, संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने आदिवासी संस्कृति की समृद्ध विरासत को जीवंत किया। आयोजन में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
वाराणसी। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार, 09 अगस्त 2026 को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आदिवासी परिवार, बरेका के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा एवं सांस्कृतिक समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी स्वरूप देखने को मिला।
सायं 4:00 बजे बरेका सेंट जॉन स्कूल, गेट संख्या-2 से प्रारंभ हुई शोभायात्रा कुंदन तिराहा एवं सूर्य सरोवर मार्ग से होते हुए इंटर कॉलेज चौराहे पहुँची, जहाँ भगवान गौतम बुद्ध, जननायक बिरसा मुंडा एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत शोभायात्रा पश्चिमी संस्थान, जलालीपट्टी पहुँचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे पारंपरिक आदिवासी परिधानों में शामिल हुए। रंग-बिरंगी वेशभूषा, पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों ने पूरे वातावरण को उल्लास, ऊर्जा और सांस्कृतिक गौरव से सराबोर कर दिया। मार्ग में उपस्थित लोगों ने भी इस भव्य सांस्कृतिक यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
पश्चिमी संस्थान, जलालीपट्टी में आयोजित समारोह में आदिवासी समाज की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। वक्ताओं ने आदिवासी समुदाय की समृद्ध परंपराओं, प्रकृति के प्रति उनके गहरे जुड़ाव तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं नई पीढ़ी तक उसके संवहन की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सहायक कार्मिक अधिकारी (कर्मशाला) श्री पीयूष मिंज, जन संपर्क अधिकारी बरेका श्री राजेश कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर श्री प्रमोद लकड़ा, पूर्व संयुक्त सचिव बरेका श्री अमर सिंह, श्री कालू माँझी तथा आदिवासी परिवार, बरेका के सदस्य श्री सुदर्शन उरांव, श्री दिलीप तिर्की, श्री सुचित कुजूर, श्री अजय कुमार तिर्की, श्री संजीवन तिर्की एवं श्री अजय तिग्गा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आदिवासी महिला समिति, बरेका की श्रीमती सपना टोप्पो, श्रीमती तारा मैरी मिंज, श्रीमती प्रेमा लिली टोप्पो, श्रीमती अनुपमा एवं श्रीमती बंदना बारला सहित बड़ी संख्या में महिलाओं, कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर भारत के खिलाफ अफवाह फैला रहीं देशविरोधी ताकतें: मुख्यमंत्री



