रक्तदान में आगे आया बरेका, इस खास पहल ने जीता सभी का दिल
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय में शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय के सहयोग से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 41 लोगों ने रक्तदान किया। अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं एक्ट अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में रक्तदान के महत्व एवं स्वास्थ्य लाभों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने नियमित रक्तदान को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय द्वारा बुधवार को शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय, वाराणसी के सहयोग से केंद्रीय चिकित्सालय के सभागार (सेमिनार हॉल) में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 8:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक चले इस शिविर में बरेका के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 41 यूनिट रक्तदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर का प्रथम रक्तदान कर्मचारी परिषद के सदस्य श्री अमित कुमार ने किया। इसके बाद मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, उप मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (यांत्रिक-II) श्री ऋतुराज तथा उप मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (इंजन) श्री पंकज सक्सेना सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान कर दूसरों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।

शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर के प्राचार्य श्री सुभाष चंद्र यादव एवं इंस्ट्रक्टर श्री राजीव कुमार वर्मा के विशेष प्रयासों से एक्ट अप्रेंटिस के लगभग 10 प्रशिक्षुओं ने भी स्वैच्छिक रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
रक्तदान शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व, नियमित रक्तदान से होने वाले स्वास्थ्य लाभ तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवाओं में से एक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर के सफल संचालन में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार मौर्य तथा नर्सिंग स्टाफ की श्रीमती कमला श्रीनिवासन, श्रीमती प्रतिभा कुमारी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय के ब्लड बैंक प्रभारी श्री जितेंद्र पटेल एवं उनकी टीम ने रक्त संग्रहण की संपूर्ण प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
रक्तदान अभियान के दौरान बरेका कर्मचारी परिषद के सदस्य श्री अमित कुमार, श्री मनीष कुमार सिंह, श्रीकांत यादव, श्री संतोष कुमार यादव एवं श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह पूरे समय उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते रहे।
शिविर में कई प्रेरणादायी उदाहरण भी देखने को मिले। केंद्रीय चिकित्सालय में कार्यरत श्री नंदलाल सिंह यादव ने अपना तीसरा रक्तदान किया, जबकि भंडार विभाग के श्री सुधीर कुमार ने 33वीं बार रक्तदान कर सभी के लिए प्रेरणास्रोत बने। वहीं स्टोर डिपो के श्री मुकेश कुमार सिंह ने कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने में सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय, सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं रक्तदाताओं के प्रति सफल आयोजन में उनके अमूल्य सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जनहितकारी अभियान समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवीय संवेदनाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



