
घटिया सड़क निर्माण पर रोका ठेकेदार का 25 प्रतिशत भुगतान रोका, ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी
वाराणसी में औसानगंज से राजापुरा मान की तकिया तक निर्मित सीसी रोड में गुणवत्ता संबंधी गंभीर खामियां मिलने पर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ठेकेदार मैसर्स संकटमोचन कंस्ट्रक्शन का 25 प्रतिशत भुगतान रोकते हुए तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं। दोष सिद्ध होने पर ब्लैकलिस्टिंग और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी : सड़क निर्माण में अनियमितताओं को लेकर नगर निगम का कड़ा रूख है । इस संबंध में कार्ययायी संस्थानों व ठेकेदारों को निगम कई बार स्पष्ट संदेश भी दे चुका है कि किसी भी हालत में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इसके बावजूद सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत मिल रही है । नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इसे गंभीरता से लिया है ।
इस क्रम में औसानगंज से राजापुरा मान की तकिया (वार्ड संख्या-73 ) तक बनाई गई सीसी रोड के निरीक्षण में निर्माण कार्य में गंभीर खामियां पाए जाने पर नगर आयुक्त ने मैसर्स संकटमोचन कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार का 25 प्रतिशत भुगतान दंड स्वरूप रोक दिया है। इसके अलावा फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी है ।
निरीक्षण में यह बात सामने आई है कि सड़क की सतह से अत्यधिक धूल उड़ रही है और निर्माण स्थल पर प्लास्टिक व अन्य अवांछित सामग्री के अवशेष पाए गए हैं। इन परिस्थितियों से स्पष्ट है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया है। नगर आयुक्त के अनुसार प्रथम दृष्टया यह अनुबंध की शर्तों का घोर उल्लंघन और कार्य में अपेक्षित गुणवत्ता का अभाव प्रतीत होता है।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित कार्य की विस्तृत तकनीकी जांच तत्काल किसी सक्षम समिति या थर्ड पार्टी से कराई जाए। जांच पूरी होने तक अंतिम भुगतान पूरी तरह से स्थगित रहेगा। इसके अलावा, मामले में सिर्फ ठेकेदार ही नहीं, बल्कि संबंधित विभाग के अभियंताओं और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होगी। यदि पर्यवेक्षण में लापरवाही या उत्तरदायित्वहीनता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ठेकेदार को मामले की जांच रिपोर्ट सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
दुनिया की आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत का दमदार प्रदर्शन, जीडीपी के आंकड़ों ने बढ़ाई उम्मीदें



