UP Live

हादसा: आंधी के बीच ढही निर्माणाधीन कोठी, 6 मजदूरों की मौत, सहायक अभियंता निलंबित

हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन 'ग्यारह कोठी' पुल की शटरिंग और कोठी ढहने से छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद मौसम विभाग के आंधी-बारिश अलर्ट के बावजूद रात में कार्य कराए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। शासन ने मामले में सेतु निगम के सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता देने की घोषणा की है।

हमीरपुर : उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के ललपुरा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल की कोठी और शटरिंग ढहने से छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूरों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब मौसम विभाग द्वारा दो दिनों से तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा था, तब भी मजदूरों से रात में काम क्यों कराया गया।

पुलिस के अनुसार ललपुरा थाना क्षेत्र के मोराकांदर गांव में लगभग 92 करोड़ रुपये की लागत से ‘ग्यारह कोठी’ पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार तड़के पुल की एक कोठी के लिए शटरिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान तेज आंधी आने पर वहां मौजूद मजदूर पास खड़ी हाइड्रा मशीन में जाकर बैठ गए। तभी निर्माणाधीन कोठी और शटरिंग भरभराकर गिर गई, जिससे हाइड्रा के भीतर बैठे मजदूर मलबे में दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में राजेश पाल (50) निवासी अछपुरा थाना ललपुरा, पुष्पेंद्र सिंह (43) निवासी स्वासा खुर्द थाना ललपुरा, लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19) निवासी चिल्ला जनपद बांदा, सभाजीत (21) तथा गंगाचरण उर्फ सावंत (28) निवासी भूरागढ़ थाना बांदा की मौत हो गई।

हमीरपुर पुल हादसा : सहायक अभियंता निलंबित, डीपीएम पर विभागीय कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल की कोठी ढहने से छह मजदूरों की मौत के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेतु निगम के सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया है, जबकि जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।सूत्रों के अनुसार शुक्रवार तड़के करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे पुल की कोठी गिरने से छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक मजदूरों के परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया कि मौसम विभाग द्वारा दो दिन पहले से तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बावजूद रात में मजदूरों से काम क्यों कराया गया।(वार्ता)

हमीरपुर हादसे पर सीएम योगी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर जिले में बेतवा नदी के निर्माणाधीन पुल पर हुई दर्दनाक दुर्घटना में श्रमिकों की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। सीएम ने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने गुरुवार देर रात कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली से भारी तबाही का भी संज्ञान लेते हुए सभी जिलाधिकारियों को बचाव कार्य तेज करने, नुकसान का आकलन करने और राहत राशि जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं।

हमीरपुर हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल इसका संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान, बारिश व आकाशीय बिजली से प्रदेश के कई जिलों में भारी नुकसान तथा जनजीवन प्रभावित हुआ है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को तत्काल फील्ड में जाकर सर्वे कर नुकसान का आकलन करने और राहत राशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और हर तीन घंटे में स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मुआवजा वितरण, राहत शिविरों, बचाव अभियान और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने को भी कहा गया है, ताकि आमजन तक सही और समयबद्ध सूचना पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

81 हजार से अधिक पदों पर जारी भर्ती प्रक्रिया में समयबद्ध चयन सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री

माफिया अब खुली जीप में पिस्टल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका नहीं सकताः मुख्यमंत्री

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button