दानियालपुर-तुलसीपुर में अब मिलेगा भरपूर पानी, महापौर ने किया शिलान्यास
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने तुलसीपुर एवं दानियालपुर वार्ड में नए नलकूप और एचडीपीई पाइपलाइन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। करीब 192 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा और लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या से राहत मिलेगी।
वाराणसी : नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने तुलसीपुर वार्ड स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नए नलकूप निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
नगर निगम द्वारा तुलसीपुर वार्ड में 65.67 लाख रुपये की लागत से नलकूप निर्माण कराया जाएगा, जबकि दानियालपुर वार्ड संख्या-37 के चौहान बस्ती एवं रूप्पनपुर क्षेत्र में 126.80 लाख रुपये की लागत से मिनी नलकूप एवं 3112 मीटर लंबी एचडीपीई पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद दोनों वार्डों के हजारों निवासियों को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों का समान रूप से विकास करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुगमता से प्राप्त हो सकें।
महापौर ने कहा कि आने वाले समय में भी इसी प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गति दी जाएगी, ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्षद सिंधु सोनकर, अतुल पांडेय, कौशल्या, श्याम आसरे मौर्य, प्रवीण राय, विवेक कुशवाहा, पून्नू लाल, अजय बिंद, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
नाला-सीवर सफाई में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, 15 दिन का अल्टीमेटम जारी



