कहीं जीत पक्की, कहीं टक्कर जबरदस्त-एग्जिट पोल में दिखा पूरा सियासी ड्रामा
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में अलग-अलग राज्यों में अलग रुझान सामने आए हैं। असम और पुडुचेरी में भाजपा नेतृत्व वाले राजग की सत्ता बरकरार रहने के संकेत हैं, जबकि तमिलनाडु में द्रमुक गठबंधन की वापसी का अनुमान है। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को बढ़त मिलती दिख रही है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर है, जहां कुछ सर्वे भाजपा को मामूली बढ़त दे रहे हैं।
नयी दिल्ली : पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन वाले राजग तथा तमिलनाडु में द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन की सत्ता बरकरार रहने , केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की एक दशक बाद स्पष्ट जीत जबकि पश्चिम बंगाल में भाजपा को मामूली बढत के साथ जीत का अनुमान व्यक्त किया गया है। असम विधानसभा की कुल 126 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की सत्ता के बरकरार रहने के स्पष्ट अनुमान व्यक्त किये गये हैं।
एक्सिस माई इंडिया ने असम में राजग को 88 से 100 सीट, कांग्रेस प्लस को 24 से 36 और अन्य को 0 से तीन सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। मेट्रिज ने राजग को 85 से 95, कांग्रेस प्लस को 25 से 32 सीट और अन्य को छह से 12 सीट मिलने की बात कही है। चाणक्य स्ट्रेटजी ने राजग को 88 से 98 , कांग्रेस प्लस को 22 से 32 और अन्य को तीन से पांच सीटें दी हैं। वहीं वोट वाइब्स ने राजग को 90 से 100 , कांग्रेस प्लस को 23 से 33 , और अन्य को शून्य से छह सीट दी हैं।केरल में एग्जिट पोल में दस वर्ष बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की सत्ता में वापसी के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। एक्सिस माई इंडिया ने 140 सीटों वाली विधानसभा में यूडीएफ को 78 से 90, सत्तारूढ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 49 से 62 और राजग को 0 से 3 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।
सीएनएन न्यूज 18 ने यूडीएफ को 70 से 80, एलडीएफ को 56 से 68 और राजग को 0 से 4 जबकि मेट्रिज ने यूडीएफ को 70 से 75 , एलडीएफ को 60 से 65 और राजग को 3 से 5 सीट मिलने की बात कही है।पश्चिम बंगाल में एग्जिट पोल में सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच कांटे की तथा रोमांचक टक्कर के बीच भाजपा को मामूली बढत के साथ जीतने का अनुमान व्यक्त किया गया है।पीपुल्स पल्स ने पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस को 177 से 187, भाजपा को 95 से 110 तो कांग्रेस को एक से तीन और वाम दलों को शून्य से एक सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।
वहीं पोल डेयरी ने भाजपा को 142 से 171, तृणमूल कांग्रेस को 99 से 127 और अन्य को 5 से 9 सीटें मिलने की बात कही है। मैट्रिज न्यूज ने भाजपा को 146 से 161, तृणमूल कांग्रेस को 130 से 140 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। इसके अलावा एबीपी ने भी भाजपा को 146 से 161, तृणमूल कांग्रेस को 125 से 140 और अन्य को 6 से 10 सीट मिलने की बात कही है। चाणक्य स्ट्रेटजी ने भाजपा को 150 से 160 जबकि तृणमूल को 130 से 140 सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।तमिलनाडु में सत्तारूढ द्रमुक की वापसी का अनुमान एग्जिट पोल में व्यक्त किया गया है।
सीएनएन न्यूज 18 ने राज्य विधानसभा की 234 सीटों में से अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन को 114 से 124 ,द्रमुक को 103 से 113 और टीवीके को 4 से 10 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। वहीं मेट्रिज ने द्रमुक को 122 से 132 , अन्नाद्रमुक को 87 से 100 और टीवीके को 65 से 80 सीट मिलने की बात कही है।पीपुलस् पल्स ने द्रमुक को 125 से 145 , अन्नाद्रमुक को 65 से 80 और टीवीके को 18 से 24 सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। एक्सिस माई इंडिया ने अन्नाद्रमुक को 22 से 32 द्रमुक को 92 से 110 जबकि टीवीके को 98 से 120 सीटें दी हैं।पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा में भी राजग की सत्ता में वापसी का अनुमान व्यक्त किया गया है।
एक्सिस माई इंडिया ने राजग को 16 से 20, कांग्रेस प्लस को छह से आठ और टीवीके को दो से चार सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। पीपुल्स पल्स ने राजग को 16 से 19 , कांग्रेस प्लस को छह से आठ सीटें दी हैं जबकि सी वोटर ने राजग और कांग्रेस को 13 से 17 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। एक अन्य एजेन्सी प्रजा पोल ने राजग को 19 से 25 और कांग्रेस को छह से 10 सीट तथा टीवीके को शून्य सीटें दी हैं।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक लगेगी: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए वर्तमान में हो रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाएगी।श्री मोदी ने यह बात मेरठ और प्रयागराज के बीच विकसित ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देश के पांच राज्यों में हो रहे इन चुनावों के चार मई को आने वाले नतीजे ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करेंगे और देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले जब बिहार में चुनाव हुए थे, तब भाजपा एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने प्रचंड जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। उन्होंने उल्लेख किया कि कल ही गुजरात में महानगरपालिका, नगरपालिका, जिला पंचायत, नगर पंचायत और तहसील पंचायत के चुनाव परिणाम आए हैं, जिनमें 80 से 85 प्रतिशत निकायों और पंचायतों में भाजपा ने जीत हासिल की है। इसी संदर्भ में उन्होंने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक की बात दोहराई।प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान का उल्लेख करते हुए कहा, “आज लोकतंत्र के उत्सव का एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उनसे पता चलता है कि वहां भारी मतदान हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि पहले चरण की तरह ही दूसरे चरण में भी जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है; मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले छह दशकों में जो नहीं हुआ और जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में इस बार बंगाल में मतदान हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं, जो देश के संविधान और मजबूत होतेलोकतंत्र का प्रतीक है। गंगा एक्सप्रेसवे के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस राजमार्ग का नाम ‘मां गंगा’ के नाम पर रखा है। इसमें विकास का विजन भी झलकता है और हमारी विरासत के दर्शन भी होते हैं। उन्होंने इस राजमार्ग के शुरू होने पर प्रदेश की जनता को बधाई दी।
सीईसी ने बंगाल की जनता को राज्य विधानसभा चुनाव में मतदान का रिकार्ड बनाने के लिए दी बधाई
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल की जनता को राज्य विधानसभा चुनाव में मतदान का रिकॉर्ड बनाने के लिए बधाई दी है। श्री कुमार ने राज्य में आज दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद एक बयान में कहा, “आजादी के बाद से पहले तथा दूसरे और अंतिम चरण दोनों में पश्चिम बंगाल में मतदान का अब तक का सबसे अधिक प्रतिशत – चुनाव का पर्व, पश्चिम बंगाल का गर्व।”दूसरे और अंतिम चरण में राज्य में आज शाम 19:00 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 91.62 प्रतिशत और पहले चरण में 152सीटों पर 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ था।(वार्ता)
रिकॉर्ड तोड़ मतदान के बाद अब सबकी नजर 4 मई पर, किसके सिर सजेगा ताज?
बाबा विश्वनाथ धाम में पीएम मोदी को भेंट हुआ अनोखा तोहफा, जानिए क्या है खास



