संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को मिलेगा नया स्वरूप, संचालन के लिए बनेगी विशेष समिति
वाराणसी के सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बेहतर संचालन के लिए नगर निगम ने विशेष समिति बनाने का निर्णय लिया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की बैठक में खेल सुविधाओं को जनसुलभ और आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया, जिससे हर वर्ग को लाभ मिल सके।
वाराणसी: नगर निगम प्रशासन सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को और अधिक सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने के प्रयास में जुटा हुआ है । इस क्रम में शनिवार को स्टेडियम परिसर में महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य स्टेडियम के कुशल संचालन और उसकी सुविधाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए एक साझा कार्ययोजना तैयार करना था।
बैठक में खेल जगत के जानकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शहर के लगभग 40 प्रमुख गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। महापौर और नगर आयुक्त ने उपस्थित सदस्यों के समक्ष स्टेडियम के संचालन से जुड़ी भावी योजनाओं को साझा किया और उनसे सुझाव आमंत्रित किए। बैठक में इस बात पर सर्वसम्मति बनी कि स्टेडियम का प्रबंधन इस तरह से हो कि शहर का हर वर्ग इसका लाभ उठा सके। खेल सुविधाओं के बेहतर रखरखाव और उनकी पहुंच को लेकर लोगों ने अपनी इच्छाएं और अपेक्षाएं भी साझा कीं।
चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के दैनिक कार्यों और संचालन की निगरानी के लिए एक ‘विशेष समिति’ का गठन किया जाएगा। इस समिति में स्थानीय प्रबुद्धजनों और प्रशासन के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा, ताकि स्टेडियम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
महापौर ने कहा कि समिति के माध्यम से हम न केवल खेल सुविधाओं को बढ़ाएंगे, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेंगे कि स्टेडियम का प्रबंधन पेशेवर और समावेशी हो। वहीं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि यह स्टेडियम शहर की धरोहर है और इसे सुचारू रूप से चलाने में शहरवासियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की और अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया ।
अब सफर नहीं, विकास दौड़ेगा, 594 KM गंगा एक्सप्रेसवे का काउंटडाउन शुरू
सावधान किसान, गन्ने में दिख रहे ये संकेत तो समझिए खतरा बढ़ चुका है



