नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, अमित शाह ने बताया विकास का प्रमुख चेहरा
पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पांच उम्मीदवारों ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार का कार्यकाल बिहार के विकास और सुशासन के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 के दौर की अव्यवस्था से राज्य को बाहर निकालने का श्रेय भी उन्हें जाता है। नामांकन के दौरान भाजपा, जदयू और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
- राजग के पांच उम्मीदवारों ने दाखिल किया पर्चा; अमित शाह बोले- बिहार को “जंगलराज” से निकाल कर विकास की राह पर लाने का श्रेय नीतीश कुमार को
पटना : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार का कार्यकाल राज्य में विकास को गति देने और विभिन्न क्षेत्रों में उनके ऐतिहासिक कार्यों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।श्री शाह ने आज श्री कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कहा कि पिछले 20 वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री के रूप में श्री कुमार ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 तक चलने वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के “जंगल राज” से प्रदेश को बाहर निकालने का श्रेय श्री कुमार को जाता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब श्री कुमार ने राज्य की बागडोर संभाली थी, तब सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था सहित लगभग सभी क्षेत्रों में पूरी तरह अव्यवस्था थी। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों के हित में अपनी ईमानदार कोशिशों और प्रतिबद्धता के कारण श्री कुमार राज्य के सभी गांवों तक बिजली और सड़क पहुंचाने में सफल रहे। उनकी सरकार ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मूलभूत अवसंरचना में व्यापक सुधार किया।श्री शाह ने कहा कि श्री कुमार जेपी आंदोलन की उपज हैं और वह वरिष्ठ नेता जयप्रकाश नारायण की विचारधारा के सच्चे अनुयायी साबित हुए। उन्होंने लंबे राजनीतिक जीवन में कभी अपने मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की छवि हमेशा साफ-सुथरी रही है और इतने लंबे राजनीतिक जीवन में कभी भी उनकी ईमानदारी और उच्च नैतिकता पर सवाल नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री के रूप में भी श्री कुमार की भूमिका उल्लेखनीय रही।श्री शाह ने कहा कि यह संतोष की बात है कि लंबे समय बाद नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य बनकर फिर से केंद्रीय राजनीति में जाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी श्री कुमार के साथ राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है और दोनों का नई जिम्मेदारियों के लिए केंद्रीय राजनीति में स्वागत है।
गौरतलब है कि कल शाम से ही जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से राज्यसभा जाने वाले नामों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था और अनिश्चितताओं के बीच श्री कुमार ने आज स्वयं सोशल मीडिया साइट’ एक्स’ पर घोषणा की कि वह राज्यसभा जा रहे हैं।नीतीश कुमार ने आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चार अन्य उम्मीदवारों नितिन नवीन, शिवेश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा और रामनाथ ठाकुर के साथ अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है।
नीतीश कुमार समेत राजग के पांच उम्मीदवारों ने राज्यसभा चुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल किया
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से पांच उम्मीदवारों ने गुरूवार को राज्यसभा चुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल किया।
राजग की ओर से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री श्री कुमार और मौजूदा राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन पत्र दाखिल किया.मुख्यमंत्री श्री कुमार और अन्य राजग उम्मीदवार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए बिहार विधानसभा पहुंचे।ज़रूरी प्रकिया पूरी करने के बाद श्री कुमार और चार अन्य राजग उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
गौरतलब है कि बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें रिक्त हो हैं। इनमें से दो-दो सीटें जदयू और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की हैं, जबकि एक रालोमो की है। केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश जदयू के मौजूदा सदस्य हैं, जबकि अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता राजद के हैं। रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एक और मौजूदा सदस्य हैं, जिनका कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो जाएगा। इन पांच सदस्यों के कार्यकाल अगले माह समाप्त हो रहे हैं, इसके कारण इन सीटों पर राज्यसभा चुनाव हो रहा है।(वार्ता)
गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी का जनता दर्शन, 150 लोगों से मिलकर सुनी समस्याएं



