गोरखपुर: कार की टक्कर से बाइक सवार सिपाही की मौत
गोरखपुर के कुसम्ही जंगल स्थित तुर्रा नाला के पास सड़क हादसे में बाइक सवार सिपाही विवेक कुमार सिंह की मौत हो गई। वह एडीजी जोन कार्यालय में अटैच थे और देवरिया अपने घर जा रहे थे। सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
- गोरखपुर में कुसम्ही जंगल के पास हादसा, एडीजी जोन कार्यालय में तैनात आरक्षी विवेक कुमार सिंह की मौत, कार चालक गिरफ्तार
गोरखपुर। कुसम्ही जंगल स्थित तुर्रा नाला के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक सिपाही की मौत हो गई। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एम्स थाना पुलिस ने घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।
मृतक सिपाही की पहचान विवेक कुमार सिंह (29) के रूप में हुई है, जो देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र स्थित सोहनरिया गांव के निवासी थे। वह उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर तैनात थे। उनकी मूल तैनाती संतकबीरनगर जनपद में थी, जबकि वर्तमान में वे गोरखपुर स्थित एडीजी जोन कार्यालय में अटैच होकर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे विवेक कुमार सिंह अपनी बाइक से गोरखपुर से अपने घर देवरिया जा रहे थे। इसी दौरान कुसम्ही जंगल के पास तुर्रा नाला के समीप सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिपाही सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर के बाद कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही एम्स थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सिपाही को तुरंत गोरखपुर स्थित एम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और कार चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सड़क हादसे में जवान की मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों और अधिकारियों ने विवेक कुमार सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस प्रशासन द्वारा परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा के भाव और शांति के माहौल में होते हैं उमंग के पर्व: मुख्यमंत्री



