
पश्चिम एशिया संकट का सीधा असर, सेंसेक्स 6 महीने के निचले स्तर पर, निवेशकों के उड़ गए होश
पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान और ईरान की जवाबी कार्रवाई से बढ़े भू-राजनैतिक तनाव का असर भारतीय शेयर बाजारों पर साफ दिखा। सोमवार को सेंसेक्स 1,048 अंक लुढ़ककर छह महीने के निचले स्तर 80,238 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी भी 24,865 अंक तक फिसल गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अधिक गिरावट दर्ज की गई। इंडिया VIX के 25 पार पहुंचने से बाजार में अनिश्चितता और घबराहट बढ़ी।
- ईरान पर हमले के बाद वैश्विक तनाव गहराया, 1,048 अंक टूटकर बंद हुआ बाजार; मिडकैप-स्मॉलकैप में बड़ी गिरावट
मुंबई : पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनैतिक संकट के कारण घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को बड़ी गिरावट देखी गयी और बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स छह महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ।अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान में 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में संकट गहरा गया है।
ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले कई देशों पर हमले किये हैं। इसका असर सोमवार को बाजार खुलते ही दिखा।सेंसेक्स 1,048.34 अंक (1.29 प्रतिशत) लुढ़ककर 80,238.85 अंक पर बंद हुआ जो 02 सितंबर 2025 के बाद का निचला स्तर है। सुबह सूचकांक 2,743.46 अंक नीचे 78,543.73 अंक पर खुला था।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 312.95 अंक यानी 1.24 प्रतिशत उतरकर इस साल 01 फरवरी के बाद के निचले स्तर 24,865.70 अंक पर रहा।मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा गिरावट रही।
निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.46 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.75 फीसदी की गिरावट में बंद हुआ। बाजार में उथल-पुथल को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 25 से ऊपर पहुंच गया जो भारी अनिश्चितता को दिखाता है।धातु और फार्मा को छोड़कर अन्य सेक्टरों में गिरावट रही। निफ्टी ऑटो 2.20 प्रतिशत गिर गया। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस सेक्टरों के सूचकांक भी दो प्रतिशत से ज्यादा टूटे। बैंकिंग, आईटी, मीडिया, रियलटी और रसायन समूहों के सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट में रहे।
एनएसई में जिन 3,296 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,580 के शेयर लाल निशान में और 639 के हरे निशान में बंद हुए। अन्य 67 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित रहे।सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर 6.25 प्रतिशत लुढ़क गया। एलएंडटी में पांच प्रतिशत, अडीनी पोर्ट्स में 3.33, मारुति सुजुकी में 3.29, एशियन पेंट्स में 2.89, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 2.58 और बजाज फिनसर्व में 2.45 प्रतिशत की गिरावट रही।
महिंद्रा एंड महिंद्रा का शयेर 1.92 फीसदी, बजाज फाइनेंस का 1.87, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.40, इटरनल और ट्रेंट दोनों के 1.38, टाइटन का 1.36, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.30, एनटीपीसी का 1.15 और भारतीय स्टेट बैंक का 1.05 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और भारती एयरटेल के शेयर भी लाल निशान में रहे।
बीईएल का शेयर 2.09 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। सनफार्मा और आईटीसी के शेयर भी बढ़त में रहे।वैश्विक स्तर पर चीन को छोड़कर अन्य शेयर बाजारों में गिरावट रही। एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 2.14 प्रतिशत और जापान का निक्केई 1.35 प्रतिशत टूट गया। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.47 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 2.17 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.11 प्रतिशत नीचे था। (वार्ता)
मैंने विराट और रोहित को खेलते देख मैच फिनिश करना सीखा : संजू सैमसन



