भलुअनी से बरहज तक सपा की पदयात्रा, भाजपा सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
देवरिया के भलुअनी में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष गेनालाल यादव के नेतृत्व में बरहज तक पदयात्रा निकाली। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर मोहन सेतु निर्माण और सोनूघाट-बरहज मार्ग की मरम्मत की मांग उठाई। सपा नेताओं ने क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
- पूर्व जिलाध्यक्ष गेनालाल यादव के नेतृत्व में निकली रैली, मोहन सेतु निर्माण और जर्जर सड़क को लेकर उठाई आवाज
भलुअनी (देवरिया) । समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भलुअनी नगर पंचायत क्षेत्र से बरहज तक पदयात्रा निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व जिलाध्यक्ष गेनालाल यादव के नेतृत्व में निकाली गई इस पदयात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यह पदयात्रा भलुअनी नगर पंचायत सीमा क्षेत्र से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए बरहज तक पहुंची। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारे लगाए और जनसमस्याओं को लेकर सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया।
पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष गेनालाल यादव ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार जनता के हित में कोई ठोस कार्य नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों से मोहन सेतु का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोहन सेतु बनने से देवरिया और मऊ के रास्ते वाराणसी की दूरी कम हो जाएगी और नदी के उस पार देवार क्षेत्र के गांवों के लोगों को बरहज बाजार तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
गेनालाल यादव ने यह भी कहा कि सोनूघाट से बरहज तक की सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है और आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद सरकार द्वारा इस मार्ग के निर्माण या मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बरहज विधानसभा क्षेत्र की लगातार अनदेखी कर रही है।
पदयात्रा के दौरान सपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया और उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मोहन सेतु का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए और क्षेत्र की जर्जर सड़कों का तत्काल निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस पदयात्रा और रैली में सपा नेता विजय रावत, राम बहादुर यादव, बेचू लाल चौधरी, हरिकेश यादव, उदय प्रकाश यादव, राजन गुप्ता भुर्जी, गोपी यादव, दिलीप यादव, सतेन्द्र यादव ‘सत्या’, अक्षय गुप्ता ‘मुन्नू’, संजय वर्मा, दिव्यांश श्रीवास्तव सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी भविष्य में और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।
देवरिया में गैस डिलीवरी कर्मी पर हमला करने वाले आठ आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद



