NationalVaranasi

जलकर पर 64 करोड़ का सरचार्ज माफ, वाराणसी नगर निगम का बड़ा फैसला

वाराणसी नगर निगम ने आवासीय और मिक्स भवनों के जलकर पर लगने वाले 64 करोड़ रुपये के सरचार्ज को पूरी तरह माफ कर दिया है। कार्यकारिणी व सदन की मंजूरी के बाद यह फैसला लागू कर दिया गया है। संशोधित बिल वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। जो भवन स्वामी 31 मार्च तक टैक्स जमा करेंगे, उन्हें इस राहत का सीधा लाभ मिलेगा। इससे लाखों परिवारों को आर्थिक सहूलियत मिलेगी।

– बड़े बकायेदारों को दोबारा दी जा रही नोटिस, 15 दिनों के भीतर बकाया जमा न होने पर कुर्की की चेतावनी

वाराणसी नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी राहत देते हुए आवासीय एवं मिक्स भवनों पर जलकर में लगाए गए करीब 64 करोड़ रुपये के सरचार्ज को पूरी तरह माफ कर दिया है। कार्यकारिणी और सदन से अनुमोदन के बाद निगम प्रशासन ने इस निर्णय को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। संशोधित जलकर बिल नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, जिन भवन स्वामियों द्वारा आगामी 31 मार्च तक टैक्स जमा किया जाएगा, उन्हें ही इस सरचार्ज माफी का सीधा लाभ मिलेगा। इस निर्णय से शहर के लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

2.33 लाख भवनों को मिलेगा सीधा लाभ

नगर निगम क्षेत्र में लगभग 2.33 लाख भवनों में पानी का कनेक्शन है। इन सभी भवनों पर पूर्व में भारी-भरकम सरचार्ज बकाया था, जिसे अब शून्य कर दिया गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल बिलों के साथ-साथ संशोधित बिलों की हार्ड कॉपी भी दो दिनों के भीतर सभी जोनल कार्यालयों को भेज दी जाएगी। इससे उन करदाताओं को सुविधा मिलेगी, जो मैन्युअल रूप से टैक्स जमा करना चाहते हैं।

टैक्स वसूली में जोनों के बीच प्रतिस्पर्धा

नगरीय सीमा में कुल 2,32,683 भवन गृहकर के दायरे में हैं, जिनमें लगभग 6200 वाणिज्यिक और 17,000 अर्द्ध वाणिज्यिक भवन शामिल हैं। जलकल विभाग के अनुसार, 2.33 लाख भवनों में जल कनेक्शन उपलब्ध है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए नगर निगम ने 225.5 करोड़ रुपये टैक्स वसूली का लक्ष्य तय किया है। अब तक डेढ़ लाख से अधिक भवन स्वामियों ने करीब 124 करोड़ रुपये का टैक्स जमा कर दिया है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 55.37 प्रतिशत है।

रामनगर जोन ने लक्ष्य को पछाड़ा

टैक्स वसूली के मामले में विभिन्न जोनों के बीच दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। रामनगर जोन ने अपने निर्धारित 0.48 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 137.46 प्रतिशत वसूली कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वहीं, बड़े जोनों में भेलूपुर जोन 72.64 प्रतिशत वसूली के साथ पहले स्थान पर है। वरुणापार जोन ने 70.38 प्रतिशत वसूली कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि दशाश्वमेध जोन में अब तक 63.68 प्रतिशत टैक्स वसूला जा चुका है।

नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि सरचार्ज माफी के फैसले से टैक्स जमा करने वालों की संख्या में और तेजी आएगी तथा राजस्व लक्ष्य समय से पहले पूरा होने की संभावना भी बढ़ेगी।

नगर निगम परिवहन विभाग में बड़ा घोटाला, 3 कर्मचारी निलंबित

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button