भलुअनी में विकसित भारत-जी-राम-जी अभियान के तहत कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल का आयोजन
भलुअनी, देवरिया के ब्लाक परिसर में विकसित भारत–जी-राम-जी जनजागरण अभियान के तहत कृषक–श्रमिक ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद कमलेश पासवान मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विकसित भारत: जी-राम-जी अधिनियम, 2025 की जानकारी देते हुए बताया कि इससे मनरेगा में पारदर्शिता आएगी और श्रमिकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित होगा। विधायक दीपक मिश्र शाका ने योजना से किसानों को पर्याप्त श्रमिक मिलने की बात कही।
भलुअनी, देवरिया। बरहज विधानसभा क्षेत्र के भलुअनी ब्लाक परिसर में विकसित भारत–जी-राम-जी जनजागरण अभियान के अंतर्गत कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार एवं क्षेत्रीय सांसद कमलेश पासवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत: जी-राम-जी अधिनियम, 2025 गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास को नई दिशा देगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।
केन्द्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य मनरेगा जैसी योजनाओं में हुए भ्रष्टाचार और धन के दुरुपयोग को रोकना है, ताकि श्रमिकों, माताओं और बहनों को उनका हक समय पर, पारदर्शी और सीधे रूप से मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि मेहनतकश श्रमिकों को समय पर मजदूरी मिले और किसी भी प्रकार की कटौती या अनियमितता न हो।
विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक दीपक मिश्र शाका ने अपने संबोधन में बताया कि इस कानून में श्रमिकों को सप्ताह के भीतर मजदूरी भुगतान का प्रावधान किया गया है। साथ ही, यदि भुगतान में देरी होती है तो ब्याज देने का भी स्पष्ट प्रावधान रखा गया है। उन्होंने कहा कि इससे श्रमिकों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और उनकी आय में स्थिरता आएगी।
विधायक दीपक मिश्र शाका ने यह भी कहा कि पहले किसानों को कृषि कार्यों के लिए समय पर श्रमिक उपलब्ध नहीं हो पाते थे, जिससे बुवाई और कटाई जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होते थे। वीबी जी-राम-जी योजना इस समस्या का समाधान करेगी। योजना के तहत बुवाई और कटाई जैसे व्यस्त कृषि काल में पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे किसानों को समय पर खेती-किसानी के कार्य पूरे करने में सुविधा होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि अधिनियम में राज्यों को एक वित्तीय वर्ष में कुल 60 दिनों की अवधि अधिसूचित करने का प्रावधान है। इस अवधि में बीज बुवाई और फसल कटाई के समय को शामिल किया जा सकेगा। इस दौरान अन्य गैर-कृषि कार्य नहीं कराए जाएंगे, जिससे कृषि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए और किसानों को प्राथमिकता के आधार पर श्रमिक मिल सकें।
ब्लाक प्रमुख छठ्ठू यादव ने कहा कि देशभर में भारतीय जनता पार्टी की सरकार श्रमिकों और कृषक परिवारों को समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं से गांव, गरीब, किसान और मजदूर वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे समाज के हर वर्ग में संतोष और खुशहाली का माहौल बना है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रणव दूबे, अष्टभुजा श्रीवास्तव, प्रमोद सिंह, विनोद सिंह गुड्डू, दिनेश गुप्ता, सुनील जायसवाल, शौर्य सिंह, अरविन्द उपाध्याय, गिरिजेश सिंह, राजेश्वर सिंह, अभिमन्यु सिंह, वंदना कुशवाहा, सूरज दूबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अंगद तिवारी ने किया।
कृषि विज्ञान केन्द्र देवरिया के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने एफएफपीओ कार्यालय का किया निरीक्षण



