National

कर्तव्य पथ से पहले शहीदों को नमन, परेड के बाद दर्शकों के बीच पहुंचे प्रधानमंत्री

77वें गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही गणतंत्र दिवस समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री परेड के बाद दर्शकों के बीच पहुंचे और हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगे। शहीदों को नमन और जनता से संवाद ने समारोह को भावनात्मक और ऐतिहासिक बना दिया।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही गणतंत्र दिवस-2026 के राष्ट्रीय समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री ने वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर शहीदों के सम्मान में विशेष सैन्य परंपरा के अनुसार समारोह का आयोजन किया गया। गार्ड ऑफ ऑनर की कमान भारतीय वायु सेना के अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर हेमंत सिंह कन्याल ने संभाली। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद नायकों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया, जिसके पश्चात बिगुल बजाने वालों ने ‘राउज’ की धुन बजाई। इसके बाद गार्ड कमांडर द्वारा सलामी शस्त्र का आदेश दिया गया, जिससे यह औपचारिक सैन्य समारोह संपन्न हुआ।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ कर्तव्य पथ स्थित मुख्य मंच की ओर रवाना हुए। कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन के समय सैन्य बैंड द्वारा राष्ट्रगान की गरिमामयी प्रस्तुति दी गई।

दर्शकों के बीच पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, लोगों ने लगाए ‘मोदी-मोदी’ के नारे

77वें गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर परंपरा से हटकर आम जनता और दर्शकों के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। परेड समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, विदेशी अतिथियों – यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन – तथा उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को विदा करने के बाद प्रधानमंत्री मीडिया कर्मियों के लिए बनी ‘नर्मदा’ गैलरी में पहुंचे।

यहां प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर मीडिया प्रतिनिधियों का अभिवादन किया और इसके बाद इंडिया गेट की ओर बढ़ते हुए आम दर्शकों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपनी सीटों से खड़े हो गए और कई दर्शक आगे बढ़कर उनका अभिवादन करते नजर आए। इस दौरान पूरे क्षेत्र में ‘मोदी-मोदी’ के नारों से माहौल गूंज उठा।

प्रधानमंत्री कुछ समय तक दर्शकों के बीच रुककर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे और फिर अपनी गाड़ी में बैठकर समारोह स्थल से रवाना हो गए। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह से पहले और समापन के बाद दर्शकों के बीच जाकर लोगों से सीधे संवाद किया था, जिसे जनता ने काफी सराहा था।

प्रधानमंत्री की इस पहल को आम नागरिकों से जुड़ाव और शहीदों के प्रति सम्मान के साथ-साथ लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।(वार्ता)

भारत के 77वें गणतंत्र दिवस पर ट्रंप और शी जिनपिंग की शुभकामनाएं, वैश्विक नेताओं ने की सराहना

राष्ट्रीय गौरव व उल्लास के साथ लखनऊ में मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस समारोह

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button