गोरखपुर के मनकेश्वर नाथ पाण्डेय सत्र 2028-29 के लिए रोटरी मंडल मण्डलाध्यक्ष निर्वाचित
वाराणसी में आयोजित रोटरी क्लब मंडल 3120 के 42वें मंडलीय अधिवेशन ‘अनुगूंज’ के समापन पर संगठन को नया नेतृत्व मिला। सत्र 2028–29 के लिए मनकेश्वर नाथ पाण्डेय मण्डलाध्यक्ष निर्वाचित हुए। 59 मतों के अंतर से मिली इस जीत को सदस्यों के विश्वास और सेवा-भाव का प्रतीक बताया गया। अधिवेशन में सेवा, संयम, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक दायित्व जैसे विषयों पर प्रेरक विचार रखे गए।
- वाराणसी में सम्पन्न ‘अनुगूंज’ अधिवेशन में 59 मतों से ऐतिहासिक जीत, रोटरी को नई दिशा देने का संकल्प
वाराणसी। ‘‘मकान सारे कच्चे थे, फिर भी रिश्ते सारे सच्चे थें’’ से अपनी बातों की शुरूवात करते हुए रोटरी क्लब मंडल – 3120 के 42वें मंडलीय अधिवेशन ‘‘अनुगूंज’’ के तीसरे और आखिरी दिन पीडीजी मोहन पलेशा ने कहा कि “आज हमारी वास्तविक ज़रूरतें सीमित हैं, लेकिन भौतिकतावादी जीवनशैली के प्रभाव में हमारी इच्छाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिसके कारण हम अनावश्यक तनाव, असंतोष और संघर्ष में फँसते चले जाते हैं। जबकि सच्ची खुशी बाहरी साधनों में नहीं, बल्कि हमारे भीतर ही निहित है और उसे हमें स्वयं अपने कर्म, संयम और सेवा से प्राप्त करना होता है। वास्तव में हम जो सेवा किसी को देते है वो देने वाला कोई और है, हम केवल उसके माध्यम मात्र हैं। जब यह भावना मन में आती है, तब सेवा और परोपकार स्वाभाविक हो जाते हैं। इसी सोच के साथ हम सीएसआर के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। हमारी सदस्यता सशक्त है और समाज के प्रति दायित्व निभाने की हमारी क्षमता भी व्यापक है।”
रोटरी क्लब मंडल – 3120 के 42वें मंडलीय अधिवेशन ‘‘अनुगूंज’’ के तीसरे और आखिरी दिन व सत्र की शुरूवात रविवार की प्रातः मंडल अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल एवं होस्ट क्लब रोटरी क्लब वाराणसी डाउन टाउन के अध्यक्ष सिद्धार्थ जायसवाल को उनके सचिवों द्वारा कॉलर पहनाकर तथा राष्ट्रगान के साथ की गई।
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य श्रीमती चारु चौधरी ने कहा कि महिला आयोग वर्तमान समय में महिलाओं की एक मजबूत उम्मीद है, जो उनके अधिकारों और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि रोटरी के साथ मिलकर महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए ठोस, योजनाबद्ध और प्रभावी कार्य किए जाएँ। श्रीमती चौधरी ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ चलाई जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई महिलाएँ इनका लाभ नहीं उठा पा रही हैं। ऐसे में हमारा सामूहिक दायित्व है कि इन योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाए और वास्तविक रूप से जरूरतमंद महिलाओं को उनसे जोड़े।
“रोटरी क्लब मंडल (3120) के सत्र 2028 – 2029 के मण्डलाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में मनकेश्वर नाथ पाण्डेय ने अपने प्रतिद्वन्दी को 59 मतों के अंतर से पराजित कर शानदार विजय अर्जित की। इस चुनाव में मंडल के विभिन्न क्लबों से आए मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। जीत के पश्चात प्रत्याशी मनकेश्वर नाथ पाण्डेय ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे रोटरी के मूल्यों के अनुरूप सेवा, पारदर्शिता और सहभागिता के माध्यम से रोटरी क्लब मंडल 3120 को नई दिशा देने का कार्य करेंगे। वर्तमान रोटरी गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने नव-निर्वाचित गवर्नर को इस जीत पर हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह विजय सदस्यों के विश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
इस अवसर पर सत्र 2028-2029 के नव-निर्वाचित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मनकेश्वर नाथ पाण्डेय एवं फर्स्ट लेडी का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित रोटरी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।” चुनाव अधिकारी के रूप में पीडीजी उत्तम कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी निष्पक्षता एवं सफलता के साथ चुनाव संपन्न कराते हुए परिणाम घोषित किए। कार्यक्रम के दौरान मेंटलिस्ट एवं मैजिशियन आकाशदीप सिंह ने अपनी शानदार एवं रोचक प्रस्तुति से सभागार में उपस्थित रोटरी सदस्यों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी अद्भुत मानसिक कला, जादुई प्रयोगों और संवादात्मक शैली ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। आकाशदीप की प्रस्तुति पर बार-बार तालियों से सभागार गूंज उठा।
कार्यक्रम का संचालन प्रशान्त नागर एवं धन्यवाद ज्ञापन सीए अनिल अग्रवाल ने किया।
750 रोटेरियन, 90 क्लब और एक लक्ष्य-वाराणसी में ‘अनुगूंज’ अधिवेशन की खास कहानी
अनुगूंज 2025 : सेवा, प्रेरणा और संस्कृति का भव्य संगम बना रोटरी मंडलीय अधिवेशन



