
सरकारी कोटे की दुकान के चुनाव को लेकर हुआ गहमागहमी, नही हो सका चयन
देवरिया जिले के भलुअनी क्षेत्र के सोनबरसा ग्रामसभा में मंगलवार को सरकारी कोटे की दुकान के चयन के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण माहौल के बावजूद अधिकारियों ने चुनाव नहीं कराया। बीडीओ ने कहा कि जल्द ही नई तिथि निर्धारित कर चयन कराया जाएगा। मौके पर बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल तैनात रहे।
- दो प्रत्याशी खलील अंसारी और गुड्डू यादव के बीच आम सहमति न बनने पर रुक गई प्रक्रिया, हस्ताक्षर संख्या पूरी न होने से नहीं हो सका चयन
भलुअनी, देवरिया। भलुअनी क्षेत्र के सोनबरसा ग्रामसभा में सरकारी कोटे की दुकान के चयन की प्रक्रिया मंगलवार को हंगामे के बीच स्थगित कर दी गई। बीडीओ भलुअनी तारकेश्वर तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में दो प्रत्याशी खलील अंसारी पुत्र हासिम और गुड्डू यादव पुत्र अमेरिका ने ग्राम पंचायत अधिकारी सतेन्द्र यादव के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
बीडीओ ने पहले आम सहमति से चयन कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामवासियों में एक राय नहीं बन पाई। इसके बाद हस्ताक्षर के माध्यम से निर्णय लेने की प्रक्रिया शुरू की गई। ग्राम पंचायत के कुल 1919 मतदाताओं के सापेक्ष 1/5 यानी 384 लोगों के हस्ताक्षर आवश्यक थे, जबकि मौके पर केवल 378 लोगों ने ही हस्ताक्षर किए। संख्या पूरी न होने के कारण प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सका।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने कुछ लोगों के दबाव में आकर चुनाव नहीं कराया, जबकि माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण था। विवाद के चलते मौके पर गहमागहमी की स्थिति बनी रही, हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
बीडीओ तारकेश्वर तिवारी ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए कोटे की दुकान चयन की प्रक्रिया जल्द ही पुनः निर्धारित तिथि पर कराई जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय थाने से एसआई अखिलेश यादव, एसआई आशीष तिवारी, हेड कांस्टेबल रमाकांत यादव, कांस्टेबल जयप्रकाश चौधरी, कांस्टेबल सोनित शर्मा और कांस्टेबल विनोद यादव मौजूद रहे।
मौके पर एडीओ पंचायत अनवारुल सिद्दीकी, एडीओ कृषि अभिषेक तिवारी, जेई हीरा वर्मा, ग्राम प्रधान चंदन प्रसाद, संतोष यादव, डॉ. अलाउद्दीन अंसारी, राम ईश्वर यादव, श्याम बदन यादव, हरिहर प्रसाद प्रेमी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
गौ-सेवा का वैज्ञानिक आधार : पद्मगंधा गाय से पंचगव्य तक का सत्य
“धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा” – सीएम योगी का जनता दर्शन में भरोसा



