National

एयर इंडिया का विमान उड़ान भरते ही मेडिकल कालेज हाॅस्टल पर गिरा, सैकड़ों के हताहत होने की आशंका

अहमदाबाद विमान दुर्घटना में विजय रुपाणी की मृत्यु.विमान हादसे में एक यात्री के जीवित बचने का अच्छा समाचार मिला है और मैं उससे मिला हूं: अमित शाह.पूरा देश खड़ा है प्रभावित परिवाराें के साथ: मुर्मु.अहमदाबाद विमान हादसा दिल दहलाने वाला: मोदी.

अहमदाबाद : भारतीय नागर विमानन इतिहास में एक त्रासद घटना में अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का एक ड्रीमलाइनर बोइंग 787-8 विमान गुरुवार को अपराह्न सरदार पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें चारल दल के सदस्यों सहित कुल 242 लोग सवार थे। इनमें से अधिकतर की मृत्यु होने की आशंका है।आधिकारिक जानकारी के अनुसार उड़ान संख्या एआई 171 में 230 यात्री, दो पायलट और चालक दल के 10 अन्य सदस्य सवार थे। मृतकों के बारे में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन एक घायल यात्री को अस्तपाल में भर्ती कराए जाने की सूचना है।

एअर इंडिया का संचालन करने वाले टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने हादसे में मारे गये प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को एक एक करोड़ रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।विमान में सवार यात्रियों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक थे। यात्रियों की सूची में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का नाम भी शामिल है जिनकी मृत्यु की पुष्टि कर दी गई है। यह विमान इंडियन एयरलाइंस के बेड़े में 2016 में शामिल किया गया था। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिये हैं।

नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने घटना स्थल पर संवाददाताओं से कहा कि इस हादसे की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करायी जाएगी और पता लगाया जाएगा कि यह दुर्घटना किस कारण हुई। हादसे में मृतकों की संख्या का भी अभी पता लगाना है।गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और राहत और बचाव कार्यों के बारे में जानकारी दी। श्री शाह इस दुर्घटना बचे एक मात्र यात्री विश्वास कुमार रमेश से मिलने अहमदाबाद के अस्पताल भी गये।ब्रिटेन की वायु दुर्घटना जांच एजेंसी एएआईबी ने अहमदाबाद दर्घटना की जांच में भारत की मदद करने की पेशकश की है।

ब्रिटिश एजेंसी ने कहा है कि उसकी यह पेशकश इसलिए है क्योंकि दुर्घटना में उसने अपने कुछ नागरिकों को भी खोया है।विश्वभर के नेताओं ने इस त्रासद हादसे पर शोक और संवेदना जताई है।डीजीसीए के एक वक्तव्य में कहा गया है कि एयर इंडिया के विमान वीटी-एएनबी, ने अहमदाबाद से लंदन के गेटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी थी लेकिन तुरंत बाद ही यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के पास थी और उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे। कैप्टन सुमित सभरवाल 8200 घंटों के अनुभव वाले पायलट हैं। सह-पायलट के पास 1100 घंटों का उड़ान अनुभव था।

एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के अनुसार, विमान ने रनवे संख्या 23 से अपराह्न एक बजकर 39 मिनट पर उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद इसने एटीसी को ‘मेडे’ यानी गंभीरतम आपातस्थिति का संकेत दिया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गयी कॉल पर विमान से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी। इसके तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे के निकट रिहायशी इलाके में गिर गया और दुर्घटना स्थल से काले धुयें के गुबार निकलने लगे।

हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के बाद हवाई अड्डे से सभी उड़ानों के आवागमन को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया और यह पाबंदी कुछ घंटे बाद हटा दी गई। विमान के रनवे से उड़ान भरने के तुरंत बाद, पायलट ने अहमदाबाद के हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष को ‘मेडे काॅल’ यानी गंभीरतम आपातस्थिति की सूचना दी और उसके बाद उससे संपर्क कट गया। विमान 600-700 सौ फुट की ऊंचाई पर जाने के बाद तेजी से नीचे आने लगा और हवाई अड्डे की चाहरदीवारी से बाहर मेघानीनगर रिहायशी इलाके में एक अस्पताल परिसर के हॉस्टल पर गिरा और उसमें आग लग गयी।

विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के तुरंत बाद अग्निशमन की गाड़ियां और पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में लग गये थे। बाद में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें और केंद्रीय बल भी घटनास्थल पर पहुंच गये। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टीगेशन ब्यूरो (एएआईबी) की टीमें भी अहमदाबाद पहुंच चुकी है। एअर इंडिया ने विमान के यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के निकटतम परिजनों को दिल्ली और मुंबई से अहमदाबाद लाने लेजाने के लिए दो विशेष उड़ानों की व्यवस्था की है।दुर्घटना के सभी विवरणों के समन्वय के लिये नागरिक उड्डयन मंत्रालय में एक परिचालन नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया गया है। इसका संपर्क नंबर 011-24610843 और 9650391859 है। एयर इंडिया ने भी जानकारी उपलब्ध कराने केलिये हॉटलाइन नंबर 18005691444 स्थापित किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा विभिन्न राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कई देशों के राष्ट्र प्रमुखों ने भी दुर्घटना पर दुख जताया है।अमेरिकी विमान कंपनी बोइंग के ड्रीमलाइनर की यह पहली दुर्घटना है जिसमें लोगों की मौत हुई है।

अहमदाबाद विमान दुर्घटना में विजय रुपाणी की मृत्यु

अहमदाबाद विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी मृत्यु हुयी है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं गुजरत भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष सीआर पार्टिल ने श्री रुपाणी के मृत्यु की पुष्टि की है।श्री रुपाणी एयर इंडिया के उस विमान में सवार थे जो गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन के लिये उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 230 यात्री, दो पायलट तथा चालाक दल के 10 अन्य सदस्य सवार थे।अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में एक यात्री जीवित बचा है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पूरा देश खड़ा है प्रभावित परिवाराें के साथ: मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को हृदय विदारक बताते हुए कहा है कि दुख की इस घड़ी में पूरा देश प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।श्रीमती मुर्मु ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह इस घटना के बारे में जानकर ‘बहुत व्यथित’ हैं और उन्होंने इसे ‘हृदय विदारक आपदा’ कहा।राष्ट्रपति ने कहा, “अहमदाबाद में हुए दुखद विमान दुर्घटना के बारे में जानकर मैं बहुत व्यथित हूं। यह एक हृदय विदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।”एयर इंडिया के अमहदाबाद से लंदन जा रहे विमान में चालक दल के 12 सदस्यों समेत 242 लोग सवार थे। विमान उडान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अहमदाबाद विमान हादसा दिल दहलाने वाला: मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर गहरा दुख जताया है और प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।श्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूँ जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।”गौरतलब है कि एयर इंडिया का एक ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान आज अपराह्न अहमदाबाद से लंदन के लिये उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 230 यात्री, दो पायलट और चालक दल के 10 अन्य सदस्य सवार थे।

अहमदाबाद विमान हादसे पर विश्व के कई नेताओ ने दुख जताया

दुनियाभर के कई नेताओं ने गुरुवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास 242 लोगों को लेकर लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान हादसे को दुखद बताते हुए गहरा क्षोभ व्यक्त किया है।सोशल मीडिया मंच एक्स पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने विमान दुर्घटना में पीड़ीत व्यक्तियों के प्रति सहानुभूति एवं संवेदना व्यक्त करते हुए कहा ‘ब्रिटेन के नागरिकों को लेकर अहमदाबाद से लंदन के लिये रवाना हुए दुर्घटनाग्रस्त विमान की तस्वीरे भयावह हैं। मुझे स्थिति के बारे में अपडेट दिया जा रहा है और दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाए यात्रियों और उनके परिजनों के साथ हैं।’इस बीच भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर तथ्यों का पता लगाने और सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।

उच्चायोग ने कहा कि किसी भी ब्रिटिश नागरिक को अगर कांउसलर सहायता की आवश्यकता है या जिन्हें दोस्तों या परिवार के बारे में चिंता है उन्हें आयोग की वेबसाइट के अनुसार 0207008 5000 पर कॉल करना चाहिए।इस बीच भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने इस हादसे को ‘ बड़ी दुखद आपदा’ बताया। उन्होंने कहा ‘अहमदाबाद से दिल दहला देने वाली खबर आ रही है। इस बड़ी दुखद आपदा पर पीड़ितों के परिजनों, करीबी लोगों तथा सभी भारतीयों और भारत सरकार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है।’इस बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाले बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और दो पायलटों सहित 12 चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे।

विमान हादसे में अपनों को खोने वाले परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता देगा टाटा समूह

टाटा समूह ने अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये नगद सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है।टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने ‘एक्स’ पर एक बयान में एयर इंडिया की अहमदाबाद लंदन की उड़ान संख्या 171 की त्रासद दुर्घटना पर समूह की ओर से गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “ टाटा समूह इस त्रासदी में प्राण गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये देगा। हम घायल व्यक्तियों के इलाज का पूरा खर्च उठायेंगे और यह सुनिश्चित किया जायेगा कि उन्हें पूरी मदद मिले और उनका ध्यान रखा जाये। ”श्री चंद्रशेखरन ने इसके अलावा अहमदाबाद के बीजे मेडिकल्स के छात्रावास भवन के पुर्निर्माण में मदद की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि टाटा समूह इस अकल्पनीय दुख के समय में प्रभावित परिवारों और समूदायों के साथ खड़ा है।उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया का संचालन टाटा समूह के हाथ में है।अहमदाबाद विमान हादसे के शिकार ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान में 230 यात्री और चालक दल के दो पायलट सहित 12 सदस्य सवार थे।

विमान दुर्घटना की विस्तृत जांच करायी जायेगी: नायडू

नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू ने कहा है कि अहमदबाद में गुुरुवार को हुये विमान हादसे की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच करायी जायेगी।श्री नायडू ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचने के बाद संवाददाताओं से कहा कि वह हादसे के बाद से गहरे सदमे में हैं। इस समय वह यात्रियों और उनके परिवारों के बारे में सोच रहे हैं। अभी वह हताहतों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। कई एजेंसियां बचाव और राहत कार्य में लगी हुयी हैं।

एयर इंडिया ने की यात्रियों के परिजनों के लिए उड़ान की व्यवस्था

एयर इंडिया ने दुर्घटनाग्र्सत विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के परिजनों को अहमदाबाद ले जाने और वापस लाने के लिए दिल्ली और मुंबई से उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है।एयरलाइंस ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।उड़ानों का विवरण इस प्रकार है…आईएक्स 1555 – दिल्ली-अहमदाबाद, प्रस्थान का समय : 12 जून रात 11 बजेआईएक्स 1556 – अहमदाबाद-दिल्ली, प्रस्थान का समय : 13 जून रात एक बजकर 10 मिनटएआई1402 – मुंबई-अहमदाबाद, प्रस्थान का समय : 12 जून रात 11 बजेएआई1409 – अहमदाबाद-मुंबई, प्रस्थान का समय : 13 जून रात एक बजकर 15 मिनटएयरलाइंस ने कहा है कि दिल्ली और मुंबई में यात्रियों और कर्मचारियों के जो निकटतम रिश्तेदार इन उड़ानों से जाना चाहते हैं, वे हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 पर कॉल कर जानकारी हासिल कर सकते हैं।

बोइंग के ड्रीमलाइनर की है, यह पहली घातक दुर्घटना

अहमदाबाद में गुरुवार को ड्रीमलाइनर विमान की दुर्घटना अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग के किसी 787 ड्रीमलाइनर विमान की पहली भीषण दुर्घटना है, जिसमें विमान पूरी तरह से नष्ट हो गया और विमान में सवार करीब सभी लोग मारे गये हैं।समाचारपत्र न्यूयार्क टाइम्स में प्रकाशित एक लेख के मुताबिक बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों में परिचालन संबधी कई खामिया पहले सामने आती रही हैं, लेकिन इन विमानों के साथ अभी तक कोई जानलेवा हादसा नहीं हुआ था।

विमान हादसे में एक यात्री के जीवित बचने का अच्छा समाचार मिला है और मैं उससे मिला हूं: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज शाम यहां कहा कि विमान हादसे में एक व्यक्ति के जीवित बचने का अच्छा समाचार मिला है और वह उससे मिले हैं।श्री शाह ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में मारे गये लोगों की संख्या के बारे में डीएनए परीक्षण और यात्रियों की पहचान के बाद संबंधित अधिकारी जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि इस हादसे में जो हताहत हुये हैं, उनके परिजनों के प्रति वह गुजरात सरकार की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।उन्होंने कहा कि इस विमान में देश-विदेश के 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य सवार थे। उसमें से एक यात्री के बचने का अच्छा समाचार मिला है और वह उनसे मिल कर आये हैं।

उन्होंने कहा,“ मृत्यु का आंकड़ा तो डीएनए परीक्षण और यात्रियों के पहचान के बाद ही अथॉरिटी अधिकृत रूप से घोषित करेगी। मगर जो यात्री बचा है, उसको मैं मिलकर आया हूं।”केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि घटना के तुरंत बाद गुजरात सरकार ने आपदा प्रबंधन की सारी इकाइयाें ने भारत सरकार के साथ मिलकर राहत और बचाव का कार्य शुरू किया। विमान के अंदर ईंधन था और तापमान इतना ऊंचा हो गया कि किसी को बचाने का मौका ही नहीं मिला। उन्होंने कहा, “ मैं घटना स्थल पर भी जाकर आया हूं। सारे यात्रियों के मृत देह को बाहर निकालने का काम लगभग समाप्त हो चुका है।

”उन्होंने कहा कि जिन यात्रियों के परिजन यहां पहुंच चुके हैं। उन सबका डीएनए लेने की कार्रवाई दो तीन घंटे में समाप्त हो जायेगी। जिनके परिजन विदेश में हैं, उनको सूचना देने की कार्रवाई समाप्त हो चुकी है और जैसे ही वे पहुंचते हैं, उनके भी डीएनए नमूने लिये जायेंगे।उन्होंने कहा कि गुजरात में ही लगभग एक हजार के आसपास डीएनए टेस्ट करने पड़ेंगे। इसके लिए गुजरात से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कम से कम समय में डीएनए परिक्षण पूरा करने के बाद परिजनों को मृत देह सौंपने का काम करेंगे। मेडिकल की सारी सुविधा सुचारू रूप से हो चुकी है।श्री शाह ने कहा कि नागरिक उड्डयन विभाग ने अपनी जांच शुरू कर दी है। राहत काम में जि एजंसियाें ने बचाव और राहत का काम किया, वह उन सभी का धन्यवाद करते हैं। वह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत सरकार और गुजरात सरकार की ओर से हताहतों के प्रति गहरी संवेदनायें व्यक्त करते हैं।(वार्ता)

https://www.youtube.com/watch?v=E456JOdgGTM

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button