State

नेपाल में भारतीय यात्रियों को लेकर जा रही बस नदी में गिरी, 14 की माैत, 16 घायल

काठमांडू : नेपाल के गंडकी प्रांत में शुक्रवार को 40 से अधिक भारतीयों को लेकर जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होकर मर्सियांगडी नदी में गिर जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गयी और 16 अन्य घायल हो गये।स्थानीय अखबार ‘काठमांडू पोस्ट’ ने बताया कि पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि तनहुन जिले के अंबु खैरेनी में हादसे का शिकार हुई भारतीय नंबर प्लेट वाली यह बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी। बस का नंबर यूपी 53 एफटी 7623 बताया जा रहा है।

पुलिस ने अनुमान लगाया है कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकी है। अन्य यात्रियों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के पुलिस उपाधीक्षक एवं सहायक प्रवक्ता शैलेंद्र थापा ने बताया कि दुर्घटनास्थल से 14 शव बरामद किये गये हैं और 16 घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है।इससे पहले, पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार राया ने बताया कि नेपाल पुलिस, एपीएफ और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्हाेंने बताया कि दुर्घटनास्थल से कुछ घायल यात्रियों को बचा लिया गया है और बचाव कार्य जारी है। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।

उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त ने जारी किया बयान

इस बीच उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त ने कहा कि नेपाल की घटना के संबंध में हम यह पता लगाने के लिए संपर्क स्थापित कर रहे हैं कि क्या बस में उत्तर प्रदेश का कोई व्यक्ति था। घटना के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

जुलाई में दो बसें नदी में बह गई थीं

इससे पहले इस साल जुलाई में नेपाल में दो बसों में सवार 65 लोग उफनती त्रिशूली नदी में बह गए थे। तब काठमांडू जाने वाली एंजेल बस और गणपति डीलक्स की बस हादसे का शिकार हुई थीं। बसें काठमांडू से रौतहट के गौर जा रही थीं। घटना क्षेत्र में भारी बारिश के बीच हुई थी। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button