नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट से लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए अपने निकतटम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के अजय राय को डेढ लाख से अधिक मतों से हराया है हालांकि इस बार उनकी जीत का अंतर काफी घट गया है।निर्वाचन आयोग के अनुसार वाराणसी संसदीय सीट पर श्री मोदी ने 6 लाख 12 हजार 970 मत हासिल कर श्री राय को एक लाख 52 हजार 513 मतों से हराया। श्री राय को 4 लाख 60 हजार 457 वोट मिले।
बहुजन समाज पार्टी के अतहर जमाल लारी 33 हजार 766 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।श्री मोदी ने वाराणसी सीट पर 2019 के चुनाव में 6 लाख 74 हजार 664 मत हासिल कर कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय को 4 लाख 79 हजार मतों से हराया था।भाजपा इस बार भी वाराणसी से बड़ी जीत की उम्मीद कर रही थी, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए पार्टी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। वाराणसी की सीट को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है और इसका असर आस पास के संसदीय क्षेत्रों पर भी पड़ता है।
काशी की विकास यात्रा और तेज गति से बढ़ेगी: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से तीसरी बार जीतने के लिये मतदाताओं के प्रति आभार जताते हुये विश्वास दिलाया कि उनके तीसरे कार्यकाल में काशी के विकास में और तेजी आयेगी।श्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया “ विश्वनाथ की नगरी में बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से काशी के सम्मानित मतदाताओं ने लगातार तीसरी बार मुझे अपना सांसद चुना है। ये काशी के लाखों मतदाताओं के विश्वास की विजय है। मेरी काशी के परिवार के हर सदस्य को इस जीत के लिए हृदय से आभार। मेरा विश्वास है कि काशी की विकास यात्रा भविष्य में और तेज गति से आगे बढ़ेगी। ॐ नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव।” (वार्ता)


