Entertainment

पवन सिंह का आसनसोल से चुनाव लड़ने से इनकार, ये मानी जा रही वजह

नई दिल्ली । भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। भाजपा ने शनिवार शाम को लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में 195 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया था। इसी लिस्ट में भाजपा ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह को बंगाल की आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया था।

अब पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आसनसोल से चुनाव न लड़ने के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि ‘भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके आसनसोल से उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन किसी कारणवश में आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा।’

भाजपा ने पवन सिंह को आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाने का जैसे ही एलान किया, वैसे ही विपक्षी नेताओं ने पवन सिंह के कुछ पुराने गानों को लेकर विवाद शुरू कर दिया। दरअसल पवन सिंह के एक गाने के बोल हैं…बंगाल वाली माल…। इसी पर विवाद हुआ। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘भाजपा ने आसनसोल लोकसभा सीट पर जिस उम्मीदवार को उतारा है, उसके द्वारा बनाए गए कंटेंट को देखकर मेरा सिर शर्म से झुक गया।

लोकतंत्र का अंत नजदीक ही है।’ टीएमसी ने भी भाजपा पर निशाना साधा और पार्टी के नेता साकेत गोखले ने पवन सिंह को आसनसोल से उम्मीदवार बनाए जाने पर भाजपा पर तंज कसा। साकेत गोखले ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पवन सिंह महिलाओं को लेकर अश्लील वीडियो बनाते हैं। टीएमसी ने महिला सम्मान को मुद्दा बनाने की कोशिश की। ऐसे में माना जा रहा है कि पवन सिंह का आसनसोल से चुनाव न लड़ने की वजह भी यही विवाद हो सकता है।(वीएनएस )

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button