State

गुना हादसा : यादव ने दिए सीएमओ समेत दो अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश

यादव पहुंचे गुना, हादसे में घायल लोगों से की मुलाकात

भोपाल : मध्यप्रदेश के गुना जिले में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद आज गुना पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुर्घटना के मामले में लापरवाही के चलते जिला क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।आधिकारिक जानकारी के अनुसार डॉ यादव ने जिला क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रवि बरेलिया और नगर पालिका गुना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी बी डी कतरोलिया को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।इसके पहले डॉ यादव आज सुबह घायलों का हालचाल जानने के लिए गुना जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों एवं उनके परिजन से बातचीत की। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों काे घायलों का उचित उपचार करने के निर्देश भी दिए।

यादव पहुंचे गुना, हादसे में घायल लोगों से की मुलाकात

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज गुना जिला चिकित्सालय पहुंच कर यहां हुए भीषण बस हादसे में घायल लोगों का हाल जाना एवं उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली।अस्पताल पहुंचे डॉ यादव ने इस संबंध में एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने घायल लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने घायलों के परिजन को ढांढस बंधाया।इसके पहले कल हादसे के फौरन बाद मुख्यमंत्री डॉ यादव ने हादसे की जांच के निर्देश दिए थे। इस संबंध में आज गुना कलेक्टर तरुण राठी ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी। समिति की अध्यक्षता गुना अपर जिला दंडाधिकारी मुकेश कुमार शर्मा को सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त समिति में गुना एसडीएम दिनेश सांवले, संभागीय उप परिवहन आयुक्त अरुण कुमार सिंह और विद्युत सुरक्षा सहायक यंत्री गुना प्राणसिंह राय को सदस्य बनाया गया है।समिति तीन दिन में जांच कर मामले की रिपोर्ट सौंपेगी।

गुना सड़क हादसा हृदयविदारक – मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के गुना जिले में सड़क हादसे के दौरान बस में आग लगने के कारण 13 नागरिकों की मृत्यु की घटना को हृदयविदारक बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा है, “मध्यप्रदेश के गुना में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। इसके साथ ही इस दुर्घटना में घायल सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।”(वार्ता)

Related Articles

Back to top button