State

मोहन यादव बने मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री

भोपाल । मध्यप्रदेश में सभी अटकलों को खारिज करते हुए केंद्रीय नेतृत्व के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पसंद माने जा रहे बेहद लो प्रोफाइल रह कर काम करने वाले उज्जैन दक्षिण के विधायक डॉ मोहन यादव को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद उनका मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है।आज हुई विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायक दल के नेता के तौर पर उनके नाम का प्रस्ताव रखा। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद डॉ यादव ने बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, राज्य के मुख्यमंंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके जैसे छोटे कार्यकर्ता को ये जिम्मेदारी दी गई है, इसके लिए वे सभी के आभारी हैं।बैठक के बाद डॉ यादव ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में विकास का कारवां जो श्री चौहान ने बढ़ाया है, उसे वे लगातार आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी’ की भूमिका को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है, इसके लिए वे सभी के आभारी हैं। राज्य में पांचवीं बार भाजपा सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे।बैठक के बाद पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा विधायक दल की बैठक में डॉ मोहन यादव विधायक दल के नेता चुने गए हैं। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ यादव एक ऐसे कार्यकर्ता हैं, जो विचार के प्रति पूर्ण समर्पित हैं। बेहद सामान्य परिवार से आने वाले डॉ यादव ने संगठन के लिए अथक मेहनत की है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनेगा।उनके विधायक दल के नेता चुने जाने के साथ ही राजधानी भोपाल के अलावा उज्जैन स्थित उनके निवास पर जश्न का दौर शुरु हो गया। उनके परिवार और परिचितों को बधाइयों का तांता लग गया।(वार्ता)

आरएसएस के बेहद करीबी नेताओं में से एक हैं मोहन यादव

मालूम हो कि मोहन यादव आरएसएस के बेहद करीबी नेताओं में से एक माने जाते हैं। वे साल 2013 में पहली बार विधायक बने थे। यह चौंकाने वाला नाम है। इसकी संभावना भी किसी को नहीं थी। मोहन यादव ने दो जुलाई 2020 को मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री (उच्च शिक्षा) के तौर पर शपथ ली थी। विवादित बयानों से नाता रहा है। 2020 के उपचुनावों में में असंयमित भाषा का उपयोग करने पर एक दिन के लिए प्रचार करने पर प्रतिबंध तक लगा दिया था। मोहन यादव ने माधव विज्ञान महाविद्यालय से पढ़ाई की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उज्जैन के नगर मंत्री रहे हैं। 1982 में छात्र संघ के सह-सचिव चुने गए थे। भाजपा की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य और सिंहस्थ मध्य प्रदेश की केंद्रीय समिति के सदस्य रहे हैं। मध्य प्रदेश विकास प्राधिकरण केप्रमुख, पश्चिम रेलवे बोर्ड में सलाहकार समिति के सदस्य भी रहे हैं। 2013 और 2018 के बाद 2023 में भी उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट पर चुनाव जीते हैं।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button