State

ईडी ने अभिनेता प्रकाश राज को भेजा समन

नई दिल्ली । अभिनेता प्रकाश राज अपनी फिल्मों से ज्यादा अपने बयान को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। अभिनेता इंडस्ट्री और राजनीति से जुड़े हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी बात रखते हैं। फैंस को भी उनका यह अंदाज काफी पसंद है। हालांकि, इन दिनों एक बार फिर अभिनेता चर्चा का हिस्सा बने हुए हैं, लेकिन इस बार मामला उनकी फिल्म का नहीं बल्कि मनी लॉन्ड्रिंग का है। अभिनेता को हाल ही में, ईडी का समन जारी हुआ है।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने त्रिची स्थित पार्टनरशिप फर्म, प्रणव ज्वैलर्स के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में अभिनेता प्रकाश राज को समन जारी किया है। अभिनेता ने कथित तौर पर उच्च रिटर्न के वादे के साथ सोने की निवेश योजना की आड़ में जनता से 100 करोड़ रुपये की ठगी की है। पोंजी स्कीम चलाने के आरोप में ईडी ने सोमवार को कंपनी पर छापा मारा था।

जारी एक बयान में, ईडी ने कहा, “जांच से पता चला कि प्रणव ज्वैलर्स और अन्य जुड़े व्यक्तियों ने सराफा/सोने के आभूषणों की खरीद की आड़ में सार्वजनिक धन को फर्जी संस्थाओं को देकर जनता को धोखा दे रहे थे। सोमवार को छापेमारी के दौरान एजेंसी को विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज मिले, 23.70 लाख रुपये की अस्पष्ट नकदी, 11.60 किलोग्राम वजन के बुलियन/सोने के आभूषण जब्त किए गए हैं।

बता दें कि प्रकाश राज इस कंपनी का चेहरा रहे हैं। हालांकि, मामला सामने आने के बाद उन्होंने चुप्पी साध ली है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो प्रकाश राज को अगले सप्ताह चेन्नई में ईडी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। बता दें कि ईडी की कार्रवाई तमिलनाडु पुलिस आर्थिक अपराध शाखा (EoW) की एफआईआर पर आधारित है। अब देखते हैं कि अभिनेता कब अपना आधिकारिक बयान जारी कर सफाई देते हैं।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button