Crime

हरदोई में दो हादसाें में छह की मौत

हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शुक्रवार देर शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइकों पर सवार छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।एक घटना में रोडवेज बस ने बाइक पर सवार तीन लोगों को कुचल दिया जबकि दूसरे में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हुई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बेनीगंज थाना इलाके में हरदोई सीतापुर मार्ग पर बरगदिया तिराहे के पास आज शाम करीब साढ़े पांच बजे हरदोई की तरफ से जा रहे बाइक सवार सीतापुर जिले के मिश्रिख थाना क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी सूरज (23) और उनके दो रिश्तेदार निर्मला व एक अन्य महिला जिसकी अभी शिनाख्त नहीं हुई है, को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक अपने लड़के का मुंडन संस्कार करके हरदोई से वापस अपने घर जा रहा था।

एक अन्य घटना लोनार थाना क्षेत्र में आज शाम करीब छह बजे हुई, जब हरदोई से सवायजपुर की तरफ जा रही एक रोडवेज बस ने तेज रफ्तार में सामने से आ रहे बाइक पर सवार तीन युवको को कुचल दिया जिससे बाइक पर सवार लोनार गांव के रोहित सिंह उर्फ़ बब्बन (23) , मोनू सिंह (30) और बाजपुर नकटौरा गांव के ऋतिक (22) की मौत हो गई। (वार्ता)

Related Articles

Back to top button