
रायसी ने रूस, तुर्किये के राष्ट्रपतियों से गाजा पर इजरायली हमलों को रोकने का आग्रह किया
गाजा में दो सौ से ढ़ाई सौ इजरायली बंदी
तेहरान : ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी ने सोमवार को रूस और तुर्किये के राष्ट्रपतियों के साथ अलग-अलग फोन कॉल में गाजा के खिलाफ इजरायली हमलों को रोकने के लिए तत्काल प्रयास करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय के बयानों में यह जानकारी दी गई है।श्री रायसी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करते हुए गाजा में सैन्य अभियानों को तेज करने और जारी रखने के लिए ‘पश्चिमी देशों , विशेष रूप से अमेरिका द्वारा समर्थित’ इजरायल को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने जोर देकर कहा, ‘क्षेत्र में होने वाली बड़ी आपदा अमेरिका और इज़रायल के अन्य पश्चिमी समर्थकों की नीतियों का परिणाम है, जो विफलता के लिए अभिशप्त हैं।’श्री पुतिन ने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्र, जहां 2़0 लाख से अधिक असहाय लोग रहते हैं, के खिलाफ बड़े पैमाने पर इजरायली हमले ‘किसी भी तरह से उचित नहीं हैं और उन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए।’श्री रायसी ने तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के साथ एक अन्य फोन पर बातचीत में संघर्ष के संभावित विस्तार की चेतावनी दी, और मुस्लिम दुनिया से ‘गाजा के खिलाफ इजरायल के क्रूर हमलों को समाप्त करने और शहर पर घेराबंदी हटाने के प्रयास करने’ का आह्वान किया।
श्री एर्दोगन ने कहा कि क्षेत्र में अमेरिकी विमानवाहक पोत की मौजूदगी और सीरिया के अलेप्पो और दमिश्क में हवाई अड्डों पर बमबारी जैसे कदम इजरायल-हमास संघर्ष को क्षेत्र के व्यापक हिस्सों में फैला सकते हैं।उन्होंने कहा कि तुर्किये गाजा में लोगों की सहायता करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संघर्ष विराम की उपलब्धि, गाजा पर हमले बंद करना और शहर की घेराबंदी हटाना इस महत्वपूर्ण बिंदु पर वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए तीन महत्वपूर्ण और बुनियादी प्राथमिकताएं हैं।
उल्लेखनीय है कि फ़िलिस्तीनी इस्लामिक प्रतिरोध आंदोलन (हमास) ने गत 07 अक्टूबर को इजरायल पर अचानक हमला किया और हजारों रॉकेट दागे एवं भूमि सीमा का उल्लंघन किया, जिससे इजरायल में कई लोगों की मौत हो गयी।इजरायल ने इसके जवाब में गाजा पर हमले शुरू कर दिए।
गाजा में ग्यारह फिलिस्तीनी पत्रकारों की हत्या
गाजा पट्टी पर इजरायली हमलों में कम से कम 11 फिलिस्तीनी पत्रकार मारे गए और 20 अन्य घायल हो गए है।फिलिस्तीनी पत्रकार सिंडिकेट ने सोमवार को यह जानकारी दी।एक प्रेस बयान में सिंडिकेट ने कहा कि गाजा पर 10 दिनों से जारी इजरायली हवाई हमलों में 50 स्थानीय, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया संगठनों को निशाना बनाया गया। इसके अलावा, दो पत्रकार लापता हो गए हैं। ये दोनों पत्रकार गाजा में सत्तारूढ़ फिलिस्तीनी इस्लामिक प्रतिरोध आंदोलन (हमास) और इज़रायल के बीच तनाव को कवर कर रहे थे।बयान में यह भी कहा गया कि गाजा में लगातार बिजली कटौती और इंटरनेट समस्या के कारण पत्रकारों की कवरेज जारी रखने की क्षमता सीमित हो गई है।सिंडिकेट ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए हस्तक्षेप करने का आह्वान करते हुए कहा, ‘सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई पत्रकारों को इज़रायल से सीधे धमकियों का सामना करना पड़ा।’
गाजा में दो सौ से ढ़ाई सौ इजरायली बंदी
गाजा में 200 से 250 इजरायली बंदी हैं। हमास की सशस्त्र शाखा अल-कसम ब्रिगेड ने सोमवार को यह जानकारी दी।ब्रिगेड के प्रवक्ता अबू ओबैदा ने टेलीविज़न भाषण में कहा कि समूह ने 200 कैदियों को रखा है और बाकी को गाजा पट्टी में अन्य प्रतिरोध गुटों ने पकड़ लिया है। उन्होंने कहा कि गाजा पर चल रहे इजरायली हमलों में इजरायल के कम से कम 22 लोग मारे गए हैं, जिनमें तेल अवीव स्थित इजरायली कलाकार गाइ ओलिव्स भी शामिल हैं।
प्रवक्ता ने इस बात पर भी जोर दिया कि सशस्त्र समूह इजरायल के साथ कैदियों की अदला-बदली का इच्छुक है।उल्लेखनीय है कि गत 07 अक्टूबर को, हमास ने गाजा पट्टी से सटे इजरायली शहरों पर भारी हमला किया। जिसके जवाब में इजरायल को गाजा पर जवाबी हमले शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इजरायल-गाजा में चल रहे संघर्ष के दसवें दिन में दोनों पक्षों के लगभग 4,000 लोग मारे गए हैं।
मध्य पूर्व में हिंसा ख़त्म करने, स्थिति स्थिर करने के लिए साझेदारों के साथ समन्वय करने को तैयार :रुस
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को कहा कि रूस फिलिस्तीनी-इजरायल संघर्ष में हिंसा को समाप्त करने और स्थिति को स्थिर करने के लिए सभी रचनात्मक विचारधारा वाले भागीदारों के साथ समन्वय करने के लिए तैयार है।रूसी नेता ने सोमवार को सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद, ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी, फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी के साथ अलग-अलग टेलीफोन पर बातचीत के दौरान यह बयान दिया, जिसमें नेताओं ने इजराइल और फिलिस्तीन के बीच संघर्ष में हालिया वृद्धि पर चर्चा की।
पुतिन ने नागरिकों के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा की अस्वीकार्यता पर जोर दिया और कहा कि मॉस्को सभी आवश्यक मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।उन्होंने कहा कि हाल ही में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में प्रस्तावित रूस के मसौदा प्रस्ताव में तत्काल मानवीय संघर्ष विराम के कार्यान्वयन का आह्वान किया गया है, उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव का किसी भी तरह से राजनीतिकरण नहीं किया गया है।
इजरायल का हमास, इस्लामिक जिहाद के सैन्य ठिकानों पर हमला, एक सैन्यकर्मी की मौत
इजरायल की सेना ने हमास और इस्लामिक जिहाद से संबंधित सैन्य ठिकानों पर हमले किए जिसमें हमास का एक सैन्यकर्मी मारा गया।इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।आईडीएफ ने टेलीग्राम पर कहा, “आईडीएफ ने हमास और जिहाद आतंकवादी संगठनों से संबंधित सैन्य ठिकानों के साथ ही गाजा पट्टी में आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए हमास आतंकवादी संगठन द्वारा इस्तेमाल किए गए एक बैंक पर हमला किया। इजरायली लड़ाकू विमानों ने हमास मुख्यालय पर भी हमला किया, जिसमें हमास का एक सैन्यकर्मी मारा गया।”
पुतिन चीन यात्रा पर
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए तीसरे बेल्ट एंड रोड फोरम में भाग लेने चीन की दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को यहां पहुंचे।श्री पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग दोनों देशों के लिए व्यापक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग पर बातचीत कर सकते हैं और साथ ही सामयिक क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार करेंगे।श्री पुतिन फोरम में शामिल होने वाले प्रांतीय नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी सोमवार को बीजिंग पहुंचे और अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात की।(वार्ता)



