Crime

पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, बदमाश सहित पुलिसकर्मी घायल

महाराजगंज। बीती देर रात जनपद के निचलौल क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ तथा एक सिपाही को भी चोटें आई हैं। बताते चलें कि बीते 16 जून को निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़हवा चौराहा स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र में घुसकर असलहे के दम पर बदमाशों के द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने उस लूट में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस को कल देर रात सूचना मिली कि इस लूट की घटना में शामिल अभियुक्त राजकुमार सिंह अपने साथियों के साथ से किसी लूट की घटना को अंजाम देने के लिए निचलौल आ रहा है जिसके बाद चौक के रास्ते पर पुलिस, स्वाट और एसओजी की टीम ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों को रोकने की कोशिश की,लेकिन पुलिस को आता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। जिसके बाद जवाबी फायरिंग में अभियुक्त राजकुमार सिंह घायल हो गया तथा एक अभियुक्त संजय चौहान गिरफ्तार हुआ। वहीं एक अन्य अभियुक्त अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला ।

एडिशनल एसपी आतिश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर निचलौल के अंकित हॉस्पिटल के पास से दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वही इस मुठभेड़ में एक आरक्षी रजत सिंह भी घायल हुए हैं। जिसके बाद अभियुक्त राजकुमार सिंह व आरक्षी रजत सिंह को इलाज हेतु सीएचसी में भर्ती कराया गया है पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों के पास से एक अदद पिस्टल, तीन अवैध देशी तमंचे, लूट के 8,000/- रूपए नगद, लैपटॉप व दो मोटरसाइकिल बरामद किए गये हैं।

Related Articles

Back to top button