InternationalNational

फ्रांस का सर्वोच्च पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय पीएम बने मोदी

नई विश्‍व व्यवस्था में तेजी से बदल रही भारत की भूमिका : पीएम मोदी

पेरिस : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक एवं सैन्य सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया है।फ्रांस गणराज्य के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार देर रात पेरिस के एलिसी पैलेस में एक समारोह में श्री मोदी को इस सम्मान से अलंकृत किया। भारतीय प्रधानमंत्री को पहली बार फ्रांस का सर्वोच्च सैन्य नागरिक सम्मान प्रदान किया गया है।प्रधानमंत्री ने भारत के लोगों की ओर से इस अद्वितीय सम्मान के लिए श्री मैक्रोन को धन्यवाद दिया।

पूर्व में, ‘लीजन ऑफ ऑनर का ग्रैंड क्रॉस’ दुनिया भर के चुनिंदा नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों को प्रदान किया गया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार एवं ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल, संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुतरस बुतरस घाली समेत कई हस्तियां शामिल हैं।फ्रांस द्वारा दिया गया यह सम्मान श्री मोदी को विभिन्न देशों द्वारा दिए गए शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों और सम्मानों की श्रृंखला में एक और सम्मान है। इनमें जून 2023 में मिस्र द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ द नाइल’, मई 2023 में पापुआ न्यू गिनी द्वारा ‘कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू’, मई 2023 में फिजी द्वारा ‘कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’, मई 2023 में पलाऊ गणराज्य द्वारा ‘एबाकल’ अवार्ड शामिल हैं।

वर्ष 2021 में भूटान द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’, 2020 में अमेरिकी सरकार द्वारा ‘लीजन ऑफ मेरिट’, 2019 में बहरीन द्वारा ‘किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां’, 2019 में मालदीव द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश्ड रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन’, 2019 में रूस द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू’ पुरस्कार , 2019 में यूएई द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ जायद’ अवॉर्ड, 2018 में ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन’ अवॉर्ड, 2016 में अफगानिस्तान द्वारा ‘स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान’ और 2016 में सउदी अरब द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ अब्दुलअजीज अल सऊद’ शामिल हैं। (वार्ता)

नई विश्‍व व्यवस्था में तेजी से बदल रही भारत की भूमिका : पीएम मोदी

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि आज के समय में दुनिया एक नई विश्‍व व्यवस्था की ओर बढ़ रही है और भारत की भूमिका तेजी से बदल रही है। फ्रांस की अपनी दो दिवसीय यात्रा के पहले दिन पेरिस में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, आज दुनिया एक नई विश्‍व व्यवस्था की ओर बढ़ रही है और भारत की भूमिका तेजी से बदल रही है।

भारत इस समय जी20 और जी20 की अध्यक्षता कर रहा है। पूरा जी20 समूह भारत की क्षमता देख रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे जलवायु परिवर्तन हो, आपूर्ति श्रृंखला हो, आतंकवाद का मुकाबला हो या कट्टरवाद का मुकाबला हो, दुनिया भारत की ओर देख रही है। भारत-फ्रांस संबंधों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों का लोगों से जुड़ना दोनों देशों के बीच साझेदारी की सबसे मजबूत नींव है। मोदी ने कहा, भारत और फ्रांस 21वीं सदी की कई चुनौतियों से निपट रहे हैं। इसलिए, इस महत्वपूर्ण मोड़ पर हमारे देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का महत्व और भी बढ़ गया है।”प्रधानमंत्री ने कहा कि हालांकि वह पहले भी फ्रांस का दौरा कर चुके हैं, लेकिन इस बार उनकी यात्रा विशेष है।

उन्‍होंने कहा, 14 जुलाई फ्रांस का राष्ट्रीय दिवस है। मैं फ्रांस के लोगों को बधाई देता हूं। मुझे आमंत्रित करने के लिए मैं फ्रांस के लोगों को भी धन्यवाद देता हूं। आज, फ्रांसीसी प्रधानमंत्री मेरे दोस्त इमैनुएल मैक्रों ने हवाईअड्डे पर मेरा स्वागत किया और कल मैं उनके साथ राष्ट्रीय दिवस परेड में भाग लूंगा। यह भारत और फ्रांस के बीच अटूट दोस्ती का प्रतिबिंब है। मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर गुरुवार को पेरिस पहुंचे।शुक्रवार को वह बैस्टिल डे परेड में शामिल होंगे, जहां वह सम्मानित अतिथि होंगे। प्रधानमंत्री मैक्रों के साथ भी बातचीत करेंगे और उनकी यात्रा के दौरान 26 राफेल विमान और तीन पनडुब्बियों की खरीद के सौदे को भी अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button