International

नेपाल: हेलीकॉप्टर दुर्घटना में छह लोगों की मौत

काठमांडू : नेपाल के एक पूर्वी पर्वतीय जिले में मंगलवार को एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गयी। हेलीकॉप्टर के पेड़ से टकरा जाने से यह हादसा हुआ।नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रवक्ता जगन्नाथ निरौला ने कहा,“दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार पांच यात्रियों और एक पायलट की मौके पर ही जान चली गई।सभी पांच यात्री मैक्सिको के नागरिक थे और पायलट नेपाल का नागरिका था।

”मुख्य जिला अधिकारी बसंत भट्टराई के अनुसार, सोलुखुम्बु जिले के सुरके से राजधानी काठमांडू के लिए उड़ान भरने के 15 मिनट बाद मनांग एयर हेलिकॉप्टर का जमीन से संपर्क टूट गया और यह जिले के लमजुरा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त पाया गया।श्री निरौला ने कहा कि खोज एवं बचाव अभियान के लिए तैनात सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों ने शव बरामद कर लिए हैं, लेकिन ऑपरेशन के लिए भेजा गया हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण दुर्घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका है।उन्होंने कहा,“शवों को काठमांडू लाने का प्रयास किया जा रहा है।”(वार्ता)

Related Articles

Back to top button