International

थोक बाजार में आग लगने से नौ लोगों की मौत

मेक्सिको सिटी : मध्य मेक्सिको राज्य की राजधानी टोलुका के एक थोक खाद्य वितरण केंद्र में आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और अन्य एक घायल हो गया है। स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

राज्य के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने एक बयान में कहा कि सोमवार तड़के “वाणिज्यिक गोदाम संख्या सात” में लगी आग से कई व्यवसायी प्रभावित हुए हैं। आग की लपटों में चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गयी है। उन्होंने आशंका जतायी की मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।अभियोजक के कार्यालय ने कहा प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चला है कि हथियारबंद कई संदिग्ध कथित क्षेत्र में विस्फोट करने और आग लगाने के लिए एक अज्ञात पदार्थ का छिड़काव करने के लिए दाखिल हुए। ये सभी संदिग्ध घटना को अंजाम देने के बार एक वाहन से फरार हो गए है।

कार्यालय ने कहा कि इससे पहले भी धमकियों और साइट को निशाना बनाने की बातें सामने आयी थी। उन्होंने आशंका जतायी कि यह घटना ‘व्यवसायों पर कब्जे के लिए आंतरिक संघर्ष’ से संबंधित हो सकती है।फोरेंसिक विशेषज्ञ शवों की पहचान कर रहे हैं, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं।

अमेरिका के कोडरिंगटन, एंटीगुआ और बारबुडा में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए

न्यूयॉर्क : अमेरिका के कोडरिंगटन, एंटीगुआ और बारबुडा में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.6 मापी गयी है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने यह जानकारी दी।अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप के झटके ग्रीन विच टाइम के मुताबिक 20:28 बजे महसूस किए गए। यह कोडरिंगटन, एंटीगुआ और बारबुडा के 274 किमी उत्तर पूर्व में स्थित था।भूकंप का केंद्र 20.02 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 61.10 डिग्री पश्चिम देशांतर तथा जमीनी सतह से 10.0 किमी की गहराई पर स्थित था।भूकंप से अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।

श्रीलंका में सड़क दुर्घटना में दो मरे, 29 घायल

कोलम्बो : श्रीलंका के उत्तर पश्चिमी प्रांत अंबनपोला शहर में सोमवार को एक बस की सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने आज यह जानकारी दी।पुलिस ने एक बयान में कहा कि मृतकों की उम्र 32 और 71 वर्ष है और घायलों को उपचार के लिए पास के दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण यह दुर्घटना घटी है और आगे की जांच जारी है।इससे पहले पूर्वी श्रीलंका में रविवार को एक बस के नदी में गिर जाने से 10 यात्रियों की मौत हो गई थी और लगभग 40 अन्य घायल हो गए। मध्य श्रीलंका में एक अन्य सड़क दुर्घटना में 25 लोग घायल हो गए थे। दुर्घटना का कारण बस सड़क से फिसल कर पलट गयी थी।

चीन में बारिश को लेकर ब्लू अलर्ट जारी किया

बीजिंग : चीन में मंगलवार को अति अतिवृष्टि होने के मद्देनजर ब्लू अलर्ट जारी किया गया। चीन के मौसम विज्ञान केन्द्र ने यह जानकारी दी है।राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देश में अगले 24 घंटों (आज सुबह आठ बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक) में लियाओनिंग, शांक्सी, हेबेई, बीजिंग, जियांग्सू, हुबेई और सिचुआन के कुछ हिस्सों में तूफान, गरज के साथ बौछार, अतिवृष्टि और ओले पड़ सकते हैं।

मौसम केंद्र ने कहा मंगोलिया, किंघई, शेडोंग, झेजियांग, युन्नान और उत्तर-पूर्व चीन के कुछ हिस्सों में मध्यम या फिर भारी बारिश हो सकती है। देश के इन हिस्सों में प्रति घंटे 30 से 60 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।मौसम विभाग ने इन स्थानों पर रहने वाले लोगों से इस दौरान घर पर रहने की सलाह दी है और बहुत जरुरी काम होने पर घर से बाहर निकलने को कहा है। केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जल में परिचालन करने वाले या फिर पारगमन करने वाले जहाजों को बंदरगाह पर वापस आना चाहिए। अगर यह संभव नहीं होता तो उन्हें अपना जलमार्ग में परिवर्तन करने की सलाह दी है।चीन में मौसम की गंभीरता को देखते हुए तीन स्तरीय चेतावनी जारी की जाती है, जिसमें नारंगी (ऑरेंज) रंग सबसे गंभीर चेतावनी को दर्शाता है, उसके बाद पीला (येलो) और नीला (ब्लू) होता है।

दक्षिण ईरान में तेल रिफाइनरी में लगी भीषण आग

तेहरान : दक्षिणी ईरानी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में सोमवार को एक तेल रिफाइनरी में भीषण आग लग गयी थी जिस पर काबू पा लिया गया है।रिफाइनरी के जनसंपर्क कार्यालय के निदेशक नासेर बाबाई के हवाले से कहा कि आग कल दोपहर करीब तीन बजे लगी थी।

श्री बाबाई ने कहा कि आग आफताब ऑयल रिफाइनिंग कंपनी के तीन पेट्रोलियम उत्पाद भंडारों में विस्फोट के कारण लगी, उन्होंने कहा कि विस्फोट किस कारण हुआ उसका अभी तक पता नहीं चला है। बचाव और राहत कार्य के लिए एम्बुलेंस और एक हेलीकॉप्टर को घटनास्थल पर भेजा गया है।ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी आईआरएनए ने बताया कि आग में अब तक आठ अग्निशामक घायल हो गए हैं, जिनमें से एक गंभीर रूप से झुलस गया है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button