रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार सुबह राजधानी रायपुर पहुंचने पर पंडित रविशंकर शुक्ल हेलीपेड पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनकी अगवानी की। उन्होंने प्रधानमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका छत्तीसगढ़ में आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री बघेल ने प्रधानमंत्री मोदी को स्मृति चिन्ह के रूप छत्तीसगढ़ के कारीगरों द्वारा तैयार अंगवस्त्र और मिलेट्स की टोकरी भेंट की।इस दौरान बघेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे में आये हैं। प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की भूमि में मैं उनका स्वागत करता हूँ। प्रधानमंत्री से हम अनेक मंचों में मिलते हैं और नीति आयोग आदि की बैठकों में मिलते हैं।
उन्होंने ने कहा कि हम मांगे भी करते हैं लेकिन उन्हें और दोहराना नहीं चाहता। मैं गडकरी जी के साथ भी बैठता हूँ, जितना मांगते हैं उससे ज्यादा ही देते हैं। हम तो मांगते ही रहेंगे लेकिन और ज्यादा नहीं कहना चाहता हूूँ, फिर भी इतना कहना चाहता हूँ कि हमारा राज्य नवोदित राज्य है इसलिए ज्यादा से ज्यादा मदद हमको मिलती रहे।
पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ को दी 7500 करोड़ की सौगात, बोले- इससे जनता का जीवन होगा आसान
पीएम मोदी ने रायपुर में 5 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। राष्ट्र को समर्पित परियोजनाओं में जबलपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रायपुर-कोडेबोड़ खंड की 33 कि.मी. लंबी 4 लेन वाली सड़क, आदि शामिल है।पर्यटन को बढ़ावा देने के अलावा, यह खंड, जगदलपुर के निकट स्थित इस्पात संयंत्रों के लिए कच्चे माल तथा तैयार उत्पादों की आवाजाही का अभिन्न अंग है और लौह अयस्क समृद्ध क्षेत्रों से परिवहन सम्पर्क की सुविधा प्रदान करता है।
प्रधानमंत्री एनएच-130 के बिलासपुर-अंबिकापुर खंड के 53 किलोमीटर लंबे बिलासपुर-पथरापाली खंड पर निर्मित 4-लेन की सड़क का लोकार्पण करेंगे।यह उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच परिवहन सम्पर्क को बेहतर बनाने में मदद करेगा और आसपास के क्षेत्रों में स्थित कोयला खदानों को परिवहन की सुविधा प्रदान करके कोयले की आवाजाही को बढ़ावा देगा।(वीएनएस)



