
दुद्धी,सोनभद्र : तहसील मुख्यालय के सीतेश काम्पलेक्स में भाजपा नगर निकाय के चुनाव प्रभारी अरविन्द पाण्डेय व संयोजक रामेश्वर राय की उपस्थिति में निवर्तमान चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि ने फीता काटकर भाजपा केंद्रीय कार्यालय का शुभारंभ किया| इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध वर्ग के लोगों को संबोधित करते हुए चुनाव प्रभारी श्री पाण्डेय ने कहा कि सबका साथ-सबका विश्वास के साथ ट्रिपल इंजन की सरकार नगर पंचायत का कायाकल्प करने के लिए पार्टी बेताब है|

पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि करीब महीने भर के प्रवास में इस बार दुद्धी की आवोहवा में कमल खिलने के लिए बेताब दिख रही है| आवश्यकता है कि हम सभी कार्यकर्ता जन भावना को देखते हुए अपनी व्यक्तिगत मनोभाव को दरकिनार कर पार्टी के चेयरमैन प्रत्याशी कमलेश मोहन समेत सभी सभासद के घोषित प्रत्याशियों को सदन तक भेजने के लिए जी जान से जुट जाए| वही संयोजक श्री राय ने मोदी-योगी सरकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का हवाला देते हुए मतदाताओं से निजी एवं सामूहिक तौर पर जन संपर्क कर पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराने के लिए दम भरा|

चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि ने अपने कार्यकाल के कई अधूरे कार्यों को पूरा करने के आड़े आ रही समस्याओं की जिक्र करते हुए लोगों से अपील किया कि वे केंद्र व राज्य की लोकप्रिय सरकार के साथ मिलकर अधूरे कार्यों को पूरा कराने के लिए पार्टी के पक्ष में मतदान करे| इसके अलावा सभा को पार्टी के नन्दलाल जी अग्रहरि, मनोज सिंह बबलू, मनोज मिश्रा,दिलीप पाण्डेय,राजन चौधरी,सुमित सोनी,सूरजदेव सेठ,पंकज कुमार उर्फ़ बुल्लू,अमरनाथ जायसवाल,संतोष जायसवाल,अनिल जायसवाल समेत तमाम लोग उपस्थित रहे|



