
- गंगा तट पर परंपरागत नृत्य पर थिरके जी-20 डेलीगेट्स
- जी-20 डेलीगेट्स के सत्कार के लिए योगी सरकार करा रही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम
- काशी में जी-20 की पहली बैठक के पहले दिन बनारसी रंग में रंगे दिखे डेलीगेट्स
वाराणसी । जी-20 सम्मेलन के तहत वाराणसी में चल रही बैठक में पहुंचे विदेशी मेहमानों ने सोमवार शाम नमो घाट पहुंचकर काशी की अलौकिक छटा को देखा। नमो घाट पर जी-20 सम्मेलन में शामिल हुए डेलिगेट्स का परंपरागत तरीके से स्वागत हुआ। यहां स्वागत के दौरान नृत्य कर रहे कलाकारों के साथ डेलीगेट्स भी थिरकते नजर आए।
इसके बाद सभी प्रतिनिधि नमो घाट से क्रूज पर सवार होकर दशाश्वमेध घाट पर होने वाली मां गंगा की विश्व प्रसिद्ध आरती भी देखी। बता दें कि वाराणसी में जी-20 सम्मेलन को लेकर प्रदेश की योगी सरकार ने विशेष प्रबंध किए हुए हैं। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की लंबी शृंखला है।
जी-20 के मेहमानों के आगमन को लेकर दशाश्वमेध घाट पर प्रतिदिन होने वाली विश्व प्रसिद्ध मां गंगा आरती को आज विशेष प्रदान किया गया था। मां गंगा की आरती स्थल को जहां विदेशी मेहमानों के आकर्षण के लिए विशेष रूप से सजाया गया था। वहीं विदेशी मेहमानों के लिए विशेष शंखनाद का भी आयोजन किया गया था। मां गंगा की भव्य और अलौकिक आरती को देख विदेशी मेहमान भी काफी खुश नजर आए।



