State

मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरा

बालाघाट : महाराष्ट्र की सीमा से लगे मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में आज एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जंगल में गिर गया। इस वजह से उसमें सवार पायलट और एक अन्य व्यक्ति की मृत्यु की आशंका जतायी गयी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के सघन और नक्सली प्रभावित वन क्षेत्र में विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरा है।

प्रारंभिक सूचनाओं में बताया गया है कि विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था और उसमें दो लोग सवार थे। विमान के महाराष्ट्र के गोंदिया जिला स्थित प्रशिक्षण केंद्र से उड़ान भरने की खबर आयी है। विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर घने जंगल में गिर गया।सूत्रों ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी सक्रिय हुयी और दल बल के साथ मौके पर पहुंची। सघन जंगल और पहाड़ी इलाके में विमान का मलबा फैला हुआ है। बताया गया है कि दो सीटर इस विमान में पायलट और एक अन्य व्यक्ति बैठा हुआ था।

पुलिस बल दोनों को खोजने की कोशिश में लगा है। हादसे की भयावहता के आधार पर आशंका इस बात की है कि दोनों की जान शायद ही बची हो।विमान हादसे का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है। विमान का मलबा भक्कुटोला के जंगल में फैला हुआ है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सघन जंगल और नक्सली प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पुलिस का दल राहत एवं बचाव कार्य के दौरान आवश्यक ऐहतियात बरत रहा है। इसके अलावा विमान सवार दोनों व्यक्तियों को भी तलाशने का कार्य अपरान्ह बाद तक जारी था।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button