नई दिल्ली । पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे गुरुवार को घोषित किये गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) त्रिपुरा और नगालैंड में एक बार फिर सरकार बनाने में सफल रही है। वहीं मेघालय में भाजपा ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है। यहां किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटों पर एनपीपी ने जीत हासिल की है। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने सरकार बनाने के लिए भाजपा से समर्थन मांगा है। गौरतलब है कि त्रिपुरा की 60 सीटों में से 53 सीटों के नतीजे आ गए हैं। बीजेपी ने सबसे ज्यादा 29 सीटों पर जीत दर्ज की हैं। वहीं कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन ने 11 सीटें जीती है। टिपरा मोथा पार्टी ने 12 सीटें अपने नाम की हैं।
जीत के बाद सीएम माणिक साहा ने कहा, भाजपा की विशाल जीत हुई है, मैं इसके लिए त्रिपुरावासियों को शुभकामनाएं देता हूं। आज शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना संपन्न हुई। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने चुनाव की रणनीति तैयारी की और आज हमें जीत हासिल हुई है, इसके लिए मैं PM को भी धन्यवाद करता हूं। नगालैंड की 60 में से 51 सीटों के नतीजे आ गए हैं। यहां एनडीपीपी 22, बीजेपी 12, निर्दलीय चार, एनपीपी चार सीटों पर कब्जा कर चुकी है।मेघालय में कुल 59 सीटों में से 41 के नतीजे सामने आ चुके हैं। यहां बीजेपी को खाता खोलने के लिए भी संघर्ष करना पड़ा। टीएमसी ने 3, कांग्रेस ने 4 और एनपीपी ने सबसे ज्यादा 16 सीटों पर जीत हासिल की हैं।(वीएनएस)



