अंतर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल 22 को,वाराणसी से होगी मेजबान दुद्धी की खिताबी भिड़ंत
दुद्धी, सोनभद्र- टीसीडी ग्राउंड पर चल रहे 36वें अंतरराज्जीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच 22 जनवरी को खेला जाएगा। उक्त आशय की जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष सुमित सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार को मेजबान दुद्धी व वाराणसी के मध्य प्रातः 10 बजे से 25-25 ओवरों का खेला जाएगा। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि सेवा समर्पण संस्थान कारीडाड़ चपकी के कर्मयोगी आनंद जी होंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत चौबे करेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि नाक आउट पद्धति पर खेली जा रही क्रिकेट की इस ईनामी प्रतिस्पर्धा के विजेता टीम को 30 हजार और उपविजेता टीम को 20 हजार नकद के अलावा प्रतिभागी सभी खिलाड़ियों को आकर्षक व्यक्तिगत पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। 25 दिसंबर से शुरू इस क्रिकेट टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश सहित महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और मध्य प्रदेश राज्यों की कुल 20 टीमों ने प्रतिभाग किया था। ग्रुप ए का पहला सेमीफाइनल 7 जनवरी जबकि ग्रुप बी का दूसरा सेमीफाइनल 17 जनवरी को संपन्न कराया जा चुका है। प्रतियोगिता का अंतिम मैच फाइनल के रूप में 22 जनवरी दिन रविवार को खेला जाएगा।



