मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह योजना के तहत परिणय सूत्र में बंधेंगे 100 जोड़े : बीडीओ
पात्र लाभार्थी करायें पंजीयन, 25 को होंगे विवाह
दुद्धी,सोनभद्र : स्थानीय भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय में 25 जनवरी को आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह की तैयारी जोरों पर चल रही है। इस आशय की जानकारी देते हुए खंड विकास अधिकारी दुद्धी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि इस विवाह में लाभार्थी जोड़े के खाते में सरकार की ओर से पैंतीस हजार रुपए एवं दस हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान किये जायेंगे। इसके अलावा छः हजार रुपये प्रति जोड़े की दर से वैवाहिक आयोजन पर खर्च किये जायेंगे।

उन्होंने बताया कि इस विवाह के लिए पात्रता तय की गई है, जिसके अनुसार लाभार्थी अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति,अन्य पिछड़ा वर्ग,अल्पसंख्यक वर्ग व सामान्य वर्ग के गरीब परिवार से जुड़ी कन्या हो तथा अभिभावक उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हो तथा उनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम हो तथा कन्या व कन्या के अभिभावक निराश्रित, निर्धन व जरूरतमंद हो तथा कन्या की उम्र 18 वर्ष एवं वर का उम्र 21 वर्ष हो तथा कानूनी रूप से तलाक हो चुके विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा का पुनर्विवाह हो सकेगा। इसके अलावा निराश्रित कन्या, विधवा की पुत्री, दिव्यांगजन की पुत्री एवं दिव्यांग कन्या के विवाह को प्राथमिकता दी जायेगी। उन्होंने पात्र शहरी लाभार्थियों से नगर पंचायत/नगर पालिका तथा ग्रामीण लाभार्थियों से खंड विकास अधिकारी कार्यालय में नियत तिथि से पूर्व पंजीयन कराने की अपील की है।



