ई-डिस्ट्रिक्ट बेबसाइट बन्द होने से जाति,आय व निवास प्रमाण पत्र का कार्य प्रभावित,आक्रोश
दुद्धी, सोनभद्र : ई-डिस्ट्रिक्ट की वेबसाइट पखवारे भर से ज्यादा समय से बंद होने से जाति,आय और निवास प्रमाण पत्र नहीं बन पाने से आवेदक तहसील का चक्कर काटने को मजबूर हैं। प्रमाण पत्रों का सत्यापन भी अधर में लटका है। जिससे लोगों में आक्रोश है।
जन सेवा केंद्रों के माध्यम से वेबसाइट पर प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन किया जाता है।
नया राशन कार्ड बनवाने, राशन कार्ड में यूनिट की संख्या, विद्युत बिल, पेंशन, खतौनी, शिकायत, जन वितरण प्रमाण समेत अन्य सेवाएं मिलती हैं। लेकिन विगत एक महीने से तकनीकी दिक्कतों के कारण ई-डिस्ट्रिक पोर्टल बंद चल रहा है। इस कारण आवेदक प्रमाण पत्र के लिए जनसेवा केंद्रों से लेकर तहसील के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं।
दुद्धी कस्बा निवासी मु0 नसीरूद्दीन ने बताया कि बीस दिन पहले पत्नी राफिया खातून का आय प्रमाण पत्र आवेदन किया गया है। वेबसाइट बन्द होने के कारण अभी तक आवेदन का सत्यापन नही हो पाया है। जबकि पत्नी की तवियत अस्वस्थ होने के वजह से तहसील के चक्कर लगाना पड़ रहा है। इंद्रावती देवी पत्नी रामलखन निवासी झारोकला ने बताया कि आय, जाति, निवास तीनों के लिए बीते 15 दिन पूर्व जनसेवा केंद्र से ऑनलाइन कराया है। लेकिन वेबसाइट बन्द हो जाने से मेरा काम नहीं हो पा रहा है।
वासु जायसवाल रामनगर, दुद्धी ने कहा आय, जाति, निवासी प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया हूं। वेबसाइट बन्द होने से अभी तक आवेदन का सत्यापन नही हो पाया है। जनसेवा केंद्र संचालक सुदामा एवं नरेश यादव ने बताया कि विगत महिनों दिनों से वेबसाइट बन्द होने के वजह से कार्य बाधित हो गया है। आवेदनकर्ता प्रतिदिन जनसेवा केन्द्र पर पहुँच कर अपडेट होने की सूचना ले रहे हैं। तहसील क्षेत्र के हजारों आवेदकों का सत्यापन अधूरा पड़ा हुआ है।
दुद्धी तहसीलदार ब्रजेश कुमार वर्मा ने बताया कि लखनऊ में ई डिस्ट्रिक्ट वेबसाइट कुछ तकनीकी वजह से बीते एक माह से वेबसाइट बंद हुई है। प्रदेश स्तर पर वेबसाइट में तकनीकी समस्या हुई है। वेबसाइट शुरू होते ही तत्काल लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।



