दुद्धी, सोनभद्र- स्थानीय ब्लाक क्षेत्र के दुम्हान एवं कादल गांव के कम्पोजिट विद्यालय परिसर में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें खण्ड विकास अधिकारी दुद्धी सुनील कुमार सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई। दुम्हान में प्रधान सरयू सिंह की मौजूदगी में आवास सहित अन्य मामलों से जुड़े 18 मामले आये। जिनमें से 8 आवास के मामलों का निस्तारण किया गया। वहीँ कादल गांव में प्रधान प्रतिनिधि संजय कुमार की मौजूदगी में कुल 12 मामले आये। जिनमें 5 मामलों का निस्तारण किया गया।

खण्ड विकास अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने राशन के लाल कार्ड के दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर उन्होंने गांवों में पात्र लाभार्थियों को जारी लाल कार्ड का सत्यापन भी पारदर्शिता तरिके से करने के निर्देश दिये। खासकर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना आयुष्मान कार्ड से हर पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश मातहतों को दिया और दोनों गांव में आयुष्मान कार्ड की गति बढ़ाने के निर्देश सचिव को दिए।उन्होंने मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह में शादी के इच्छुक पात्र लाभार्थियों को समय से पंजीकरण कराने की अपील की।
साथ ही संबंधित कर्मियों को चेताया कि गांव में आवास, शौचालय, मनरेगा, बाल विकास परियोजना, एनआरएलएम सहित अन्य विकास कार्यों में किसी भी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।इस दौरान एडीओ पंचायत समर बहादुर सिंह , सीडीपीओ दुद्धी, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मनोज कुमार, सचिव राघवेंद्र सिंह, पी0पी0 रामप्यारे, लेखपाल, आंगनबाड़ी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।



