हापुड़ । उत्तरप्रदेश के हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला कोटला सादात में रहने वाले मोहसिन और समरीन का चार वर्षीय बच्चा मुआविया नगरपालिका के बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। बच्चा दोपहर में करीब 12 बजकर 30 मिनट पर बोरवेल में गिरा। इसकी खबर लगते ही जिला के पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहीं खबर प्राप्त हुई है कि एनडीआरएफ की टीम ने 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया है। जांच के लिए बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बारे में डीएम मेधा रूपम ने बताया कि हापुड़ थाना क्षेत्र के कोटला सादात मोहल्ले में मोहसिन नाम के शख्स का चार साल का बेटा माविया दोपहर करीब 12 बजे खेलते-खेलते एक खुले बोरवेल में गिर गया था। इसका पता लगने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सरकारी अमला रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचा और बच्चे को बोरवेल से निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। मौके पर एसडीआरएफ की टीम पहुंची और बच्चे को सुरक्षित किए जाने के लिए आक्सीजन की सप्लाई बोर में शुरू की।
उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ की टीम ने बचाव कार्य शुरू किया था। करीब 5 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ अपने मिशन में कामयाब हुई। बोरवेल में फंसे इस मासूम को बोतल के माध्यम से दूध पहुंचाया गया था। बताया जा रहा है कि बच्चे ने दूध पी लिया था। बच्चे को अंधेरे में घबराहट न हो इसलिए वहां रोशनी की भी व्यवस्था की गई थी। चूंकि बच्चा अपनी स्थिति बताने में सक्षम नहीं है इसलिए बोरवले के अंदर कैमरा डालकर स्क्रीन पर अंदर के हालात देखने की कोशिश की जा रही थी।
यह भी बताया जा रहा है कि बच्चा जब से बोरवेल में फंसा वह खड़ी स्थिति में था। चूंकि बोरवेल अंदर केवल डेढ़ फुट चौड़ा है इसलिए बच्चे के मूवमेंट की गुंजाइश काफी कम थी.घटना को लेकर आसपास के लोगों ने बताया कि नगरपालिका की जगह में 50 फीट गहरा बोर हुआ था। बोर किए जाने के बाद उसका मुंह खुला छोड़ दिया गया था। कई बार मामले की शिकायत अधिकारियों से की गई, लेकिन अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली। इस कारण बच्चा खेलते-खेलते बोर के पास पहुंच गया और अचानक उसके अंदर जा गिरा।
स्वजन को जैसे ही इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने तुंरत इसकी सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को दी। जिसके बाद प्रशासन भी तत्काल हरकत में आ गया।बता दें कि कुत्ता के साथ बच्चा खेल रहा था, तभी वह बोरवेल में गिर गया।(वीएनएस)
हापुड़ कोटला सादात इलाके में बोरवेल में गिरे बच्चे की सुचना मिलते ही प्रशासन तथा एनडीआरएफ ने लगभग 4 घन्टे के कड़े रेस्क्यू आपरेशन के दौरान बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है I बच्चे को इलाज के लिये अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है I @UPGovt @CMOfficeUP #IAS pic.twitter.com/NqZpUyWDzc
— DM Hapur (@DmHapur) January 10, 2023



