
रांची ने दीनदयाल नगर को 10 रनों से हराकर अगले चक्र में किया प्रवेश
रांची के राजा बाबू बने मैन ऑफ द मैच
दुद्धी, सोनभद्र : मैन आफ द मैच राजा बाबू की अर्धशतकीय पारी की बदौलत रांची की टीम ने पंडित दीनदयाल नगर को 10 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता के अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। मैच की जानकारी देते हुए टूर्नामेंट अध्यक्ष सुमित सोनी ने बताया की मैच का टॉस पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के कप्तान विनोद ने जीता और पिच की नमी को महसूस करते हुए पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया।
पिच की अनिश्चित उछाल और गेंदों के फंसकर आने के बावजूद रांची की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में अपने 9 विकेट खोकर 184 रन बनाए। जिसमें प्रथम पायदान पर बैटिंग करने आए राजा बाबू ने तीन चौके और 5 छक्कों की मदद से 41 गेंद पर सर्वाधिक 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा गौरव ने 4 छक्का की मदद से 28 रन, समरेश ने 2 छक्का तीन चौकों की मदद से 25 रन व आकाश सिंह ने 2 चौकों की मदद से 14 रन बनाए।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के गेंदबाजों में योगेश ने अपने कोटे के निर्धारित 4 ओवरों में 24 रन देकर तीन विकेट हासिल किया। इसके अलावा विनोद व अजमत अली को दो-दो विकेट मिला। बाद में बल्लेबाजी करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 174 रन ही बना सकी। प्रियांशु ने 2 छक्का दो चौका व छह चौकों की मदद से सर्वाधिक 45 रन बनाए।
इसके अलावा योगेश राणा ने 2 छक्का तीन चौकों की मदद से 25 रन, हेमंत एक छक्का दो चौके की मदद से 17 रन तथा शुभम ने एक छक्का की मदद से 11 रन बनाए। रांची के गेंदबाजों में प्रियांशु ने अपने निर्धारित 4 ओवरों के कोटे में 28 रन देकर तीन विकेट हासिल किया जबकि आकाश व गौरव को एक विकेट मिला। 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेलने वाले रांची के राजा बाबू को मैन ऑफ द मैच घोषित कर दुद्धी कस्बा इंचार्ज एसआई संजय सिंह के हाथों पुरस्कृत किया गया।
मैच के निर्णायक सुनील व इकबाल, कमेंट्री वरुण जौहरी व जितेंद्र जौहरी, स्कोरिंग राहुल व निशांत मोहन ने किया। मंगलवार को रांची अपना दूसरा मैच चोपन से खेलेगी।



