वाराणसी। शादी के महज 11 दिन बाद ही शादीशुदा प्रेमिका और उसके प्रेमी ने एक साथ विषाक्त का सेवन किया और जान दे दी। इस घटना के बाद दोनों के परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया और हालांकि इसके पूर्व ही दोनों के परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था। घटना शनिवार देर रात की है जब प्रेमी ने प्रेमिका को घर के पास बुलाया। दोनों ने साथ-साथ जहर खाया। फिर वापस अपने-अपने घर चले गए और रविवार को दोनों की तबीयत खराब हुई लेकिन जान बचाया नहीं जा सका। मामले की जानकारी होने पर एसीपी राजातालाब अंजनी कुमार राय घटनास्थल पर पहुंचे और घटना संबन्धित जानकारी इकट्ठा की।
जानकारी के अनुसार मृतक दोनों पड़ोसी हैं और एक दूसरे से प्यार करते थे। ये सिलसिला एक साल से चल रहा था। बीते 13 दिसंबर को युवती की शादी मिर्जामुराद अदमा गांव के रहने वाले एक युवक से हो गयी। यहां युवती करीब एक सप्ताह तक पति के साथ रही और 19 दिसंबर वापस अपने मायके आ गई। इस शादी से युवती और उसका प्रेमी दोनों खुश नहीं थे। ऐसे में दोनों ने विषाक्त का सेवन कर खुदखुशी कर ली। पुलिस को मामले की जानकारी गांव वालों से मिली। परिजनों से पूछताछ हुई। फिलहाल दोनों के परिजनों ने तहरीर देने से मना कर दिया है। बावजूद इसके पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।



