
36वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए दुल्हन की तरह सजी टीसीडी मैदान
जिला प्रशासन व मीडिया एकादश मैत्रीपूर्ण मैच के साथ आज होगा आगाज
दुद्धी, सोनभद्र: क्रिकेट नगरी दुद्धी में क्रिकेट के महाकुम्भ का आगाज 36वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में 25 दिसम्बर दिन रविवार को होने जा रहा है। क्रिकेट की इस इनामी प्रतिस्पर्धा के उद्घाटन को लेकर आयोजन समिति द्वारा शनिवार की शाम तक समूचे खेल मैदान को साफ-सफाई व रंगरोगन कर बैनर-पोस्टरों से भर दिया गया है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड़ होंगे, विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक रामदुलार गोंड़ रहेंगे और अध्यक्षता नगर चैयरमैन राजकुमार अग्रहरि करेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच जिलाधिकारी एकादश बनाम पत्रकार एकादश के बीच रविवार को सुबह 10 बजे औपचारिक उद्घाटन के पश्चात खेला जाएगा। टाउन क्लब के अध्यक्ष सुमित सोनी व सचिव जबीं खान ने खेलप्रेमियों से उद्घाटन समारोह में उपस्थित होकर खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन की अपील की है।



